डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
पूण्य-भूमि भारत
गीत (16/14लावणी छंद)
बलिदानों की पूण्य-भूमि को,
नमन समर्पित भाव करो।
करो तिलक इस माटी का नित-
इसमें मत अलगाव करो।।
उत्तर प्रहरी गिरि हिमालया,
दक्षिण सिंधु महान है।
पश्चिम में भी उदधि-उर्मियाँ,
अरुणिम पूर्व विहान है।
पूजनीय यह देव-भूमि है-
इसका सदा रखाव करो।।
करो तिलक इस माटी का नित…..।।
बड़े-बड़े वीरों की धरती,
मुनियों-चिंतक-साधक की।
यही भूमि ऋषि-संतों की शुचि,
ईश-प्रेम आराधक की।
तपोभूमि यह अति उपकारी-
इससे हृदय-लगाव करो।।
करो तिलक इस माटी का नित……..।।
जो भी,जब भी,जैसे आया,
सबको आँचल-छाँव दिया।
मान और सम्मान दिला कर,
गोद बिठाकर ठाँव दिया।
ऐसी भारत माँ है अपनी-
इसका मत बिखराव करो।।
करो तिलक इस माटी का नित………..।।
जब-जब संकट जग पे आया,
गुरु-उपदेशक यही बनी।
प्रचुर ज्ञान-भंडार से अपने,
रक्षक-सेवक जगत बनी।
परम पूज्य यह माटी मित्रों-
इसपे कभी न घाव करो।।
करो तिलक इस माटी का नित……….।।
औषधि-योग व ध्यान-साधना,
की यह भूमि हमारी है।
अवतारों की भूमि पुनीता,
देव-भूमि हितकारी है।
मानव-मूल्य-रक्षिका धरती-
इससे नहीं दुराव करो।।
बलिदानों की पूण्य भूमि को,
नमन समर्पित भाव करो।
करो तिलक इस माटी का नित,
इसमें मत अलगाव करो।।







