✍️ डा. सीमा विजयवर्गीय, अलवर, राजस्थान।
गम का कितना भारी बोझा, रोज उठाते हैं साहिब
कैसे किन्नर-किन्नर कहकर, लोग चिढ़ाते हैं साहिब
घर-परिवार न दौलत-इज़्ज़त, कैसा जीवन है फिर भी
रोज़ अभावों में भावों के, चित्र बनाते हैं साहिब
अपनी ख़ुशियों का तो ठौर-ठिकाना रब जाने लेकिन
देकर हम आशीष सभी का, मान बढ़ाते हैं साहिब
कर्मों के लेखे ऐसे थे, जो ऐसा जीवन पाया
फिर भी पलपल सत्कर्मों पर, पैर बढ़ाते हैं साहिब
रोज़ी-रोटी का कोई जब, साधन खोज नहीं पाते,
परजीवी बनकर ही अपनी, भूख मिटाते हैं साहिब
घोर उपेक्षा, ताने-लांछन और हमारी पूँजी क्या
फिर भी मानवता का ही हम, पाठ पढ़ाते हैं साहिब
कौन हमारी पीड़ा समझे, किसको अपना दर्द कहें
अभिलाषाओं को थपकी दे, रोज़ सुलाते हैं साहिब







