काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
वीरों की माँ
वीरों की मां का हृदय, स्वयं धड़कता रोज।
सीमा पर तैनात है, उसका युवा सरोज।।
पाल पोष कर सौंपती, दिल को किया कठोर।
फिर भी मां की आँख में, आँसू ही नित भोर।।
समझाती रहती सदा, खुद के निज को नित्य।
फिर भी मन अति दुखी है, पूजनीय मां स्तुत्य।।
है सरोज योद्धा प्रखर, धीर- वीर- बलवान।
मां की प्रभु से याचना, बालक बने महान।।
मजबूरी मां की यही, दिया राष्ट्र को दान।
मांश्री के व्यक्तित्व का, करो सदा गुणगान।।
मां के सीने में छिपा, उसका बालक भव्य।
प्रति क्षण उसे निहारती, अपने में वह द्रव्य।।
सदा कलेजा थाम कर, रोती मन में मात।
वीर पूत पर ध्यान है, जननी का दिन- रात।।
मां विराट के हृदय का, किसको है अंदाज।
मां केवल यह जानती, अंत:पुर का राज।।
काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
पूरा आसमान मेरा है
जहाँ जहाँ तक दृष्टि घूमती।
जहाँ जहाँ तक सृष्टि दीखती।।
सकल दृश्य अनुपम मेरा है।
पूरा आसमान मेरा है।।
मुझको कुछ भी नहीं कमी है।
कण – कण में मधु कलश अमी है।।
पीता छक कर मन मेरा है।
पूरा आसमान मेरा है।।
बुरे वक्त में भी मस्ती है।
दिल मेरा उत्तम हस्ती है।।
सारे जग का धन मेरा है।
पूरा आसमान मेरा है ।।
नहीं किसी से कभी माँगता।
भिक्षाटन से दूर भागता।।
साधारण जीवन मेरा है।
पूरा आसमान मेरा है।।
काव्य रत्न डॉ0 रामबली मिश्र, वाराणसी।
धूम्रपान निषेध
धूम्रपान लत बुरी सदा इसे भगाइये।
फेफड़े का अरि यही इसे सदा सुलाइये।
धूम्र से जले मनुष्य कोयला बने सदा।
मौज है नहीं यहाँ इसे नहीं भुनाइये ।
जिंदगी विगड़ता सदैव धूम्रपान है।
शौक पाल मत कभी विकार धूम्रपान है।
ले रहा है जान- माल आज त्याग दो इसे।
गाँठ जोड़ मत कभी सदैव क्रूर- पान है।
जान मत इसे अमी जहर सदा भरा हुआ।
पी रहा मनुष्य जो समझ उसे मरा हुआ।
धूम्रपान विषधरा इसे सदैव मारना।
हो रहा वही शतायु जो सदा डरा हुआ।
गंदगी दरिंदगी चिता समान अग्नि यह।
भस्म कर रहा शरीर व्याधि के समान यह।
छोड़ता कभी न यह जला रहा वदन सतत।
छेद – छेद काटता निषेध धूम्रपान यह।







