डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
सजल
समांत—आती
पदांत—-है
मात्रा-भार–26
प्रिय-वियोग की पीर हृदय में आग लगाती है।
मधुर मिलन की घड़ी वहीं सौभाग्य जगाती है।।
नहीं मीत का मिलना संभव कोई बात नहीं।
पर न सहन हो पीर नहीं जब पाती आती है।।
रात चाँदनी की तो शोभा अनुपम होती है।
ढके चाँद को बदली लेकिन कभी न भाती है।।
नहीं वस्तु-धारी का, मोल वस्तु का होता है।
स्वर्ण-कलश में रखी सुरा भी नशा दिलाती है।।
जीवन का यह खेल बड़ा ही अद्भुत होता है।
धूप शरद की सुखद ग्रीष्म जब बदली छाती है।।
अधरों पर मुस्कान सदा सुखदाई होती है।
रिपु-मुख पे मुस्कान हृदय पर वाण चलाती है।।
जाति-पाँति का भेद-भाव, कहते हैं, मंदिर में?
जाति बता कर आज नीति सुख-सुविधा पाती है।।







