डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ0प्र0)
दोहे (गजानन)
श्री गणेश की वंदना, करती है कल्याण।
देव जगत के ये प्रथम, देते जग को त्राण।।
एकदंत गणपति सजे, शत-शत उन्हें प्रणाम।
इच्छित फल वे दें सदा, बिना लिए कुछ दाम।।
गौरी-नंदन, शिव-तनय,मोदक-प्रेमी नाथ।
इनका वंदन सब करें, सदा झुकाए माथ।।
शुभ-मंगल करते सदा, गणपति देव गणेश।
कर प्रदक्षिणा मातु-पितु, बने यही अखिलेश।।
मिले लाभ हर भक्त को, जो करता नित ध्यान।
शिवशंकर के लाल का, मान इन्हें भगवान।।
विघ्न हरें गजदंत जी, भक्तों का तत्काल।
लाल वस्त्र धारण करें, सब हों निरख निहाल।।
वक्रतुंड गणराज की, जय हो सौ-सौ बार।
विनय करें करबद्ध सब, खड़े गजानन-द्वार।।







