डॉक्टर रामबली मिश्र, वाराणसी।
ऐक्य भाव दृष्टि
सदैव ऐक्य भाव हो यही अमूल्य ज्ञान है।
हृदय विशाल सिंधु सम यही अमिट निशान है।
छिपा हुआ सशक्तमान एकता बलिष्ट है।
शतायु दीर्घकालिनी सदैव स्व्स्थ पुष्ट है।
सप्रेम चेतना दिखे निरोग भाव मानसी ।
लगें सभी सुधीर वीर हर्षयुक्त साहसी।
अनंत भाव एक में असीम ब्रह्म भाल है।
जहाँ अभेद दृष्टि है वहीं सुभद्र चाल है।
अनेकता बुरी नहीं अगर मनुष्यता रहे।
सदैव शुद्ध बुद्धि हो पुनीत भावना बहे।
विकास हो विवेक का सुपुष्ट आत्मज्ञान हो।
उदारवाद धर्मवाद ही सदा प्रधान हो।
अनेक एक सूत्र में सदा सिला बंधा रहे।
रहे सदैव ठोस गाँठ जोश में सधा रहे।
अदृश्य हो कभी नहीं सहर्ष दृश्यमान हो।
अबीर हो गुलाब एक एकता महान हो।
स्थिरांक ऐक्य कामना शुमार उर प्रदेश में।
सदैव वंदनीय हो सुदर्शनीय वेश में।







