डॉक्टर रामबली मिश्र, वाराणसी।
वह कैसी मुस्कान?
वह कैसी मुस्कान है, जो दिल को दे तोड़।
बहुत भयंकर भाव है, निष्ठुर यह गठजोड़।।
ऊपर से कोमल लगे, करती भीतर घात।
नहीं लगाए यह कभी, मन से फेरे सात।।
क्वारी की क्वारी रहे, यह द्रोही मुस्कान।
है दम्पति का सुख नहीं, भरा हुआ अभिमान।।
मानवता इसमें नहीं, नैतिकता का लोप।
कुंठित इस मुस्कान पर, दैवी क्रोध – प्रकोप।।
शुभदायक संवाद का, इसे नहीं परवाह।
क्रूर भाव इसमें सदा, दुखवादी है चाह।।
व्यंग्यात्मक मुस्कान के, मुख में रहता दुग्ध।
किन्तु गरल का कुम्भ है, दूषित स्वयं अशुद्ध।।
जिस कोमल मुस्कान से, अंतस चकनाचूर।
उस कटुगामिनि से बचे, रहे मनुज अति दूर।।
मत देखो उसको कभी, वह कुंठित वाचाल।
स्वयं बनी है कालिमा, रक्तिम निम्न कुचाल।।
नवरात्रि महोत्सव
सदैव आदि शक्ति मातृ पूजनीय वंदनी।
सप्रेम ज्ञानदायिनी सुगंध इत्र चंदनी।
प्रतिष्ठिता सुसज्जिता विचार भव्य सुष्ठता।
निवेदनीय मोहनीय नित्य नेह नव्यता।
सुलक्षणा सुशिक्षणा स्वभाव नम्र नर्मदा।
अजेयता विजेयता परार्थ मित्र सर्वदा।
निदान सर्व रोग का चिकित्सकीय स्वस्तिका।
उदार भाव प्रीति छाँव स्वच्छ गाँव स्वस्थिका।
निराकृती अमी रसा विधान सर्व ज्ञेय हो।
भविष्य वर्तमान भूत काल पर्व श्रेय हो।
हरो स्वयं विपत्तियाँ सहर्ष दे सुसम्पदा।
महान शैल पुत्रि मां! नमामि शक्ति शारदा।
महोत्सवा सदा बनी मनोरमा त्वमेव हो।
रिझा रही हँसा रही जगा रही त्वदेव हो।
समष्टि सृष्टि कारणम विकास स्तुत्य नीतिका ।
विराट रत्न गर्भिणी अमूल्य द्रव्य ज्योतिका।







