डॉ. हरि नाथ मिश्र, अयोध्या,उ.प्र.।
दशहरा
दशहरा (दोहे)
दिव्य दशहरा पर्व यह, रामचंद्र-उपहार।
दनुज-दलन कर राम ने, किया बहुत उपकार।।
रावण-कुल का नाश कर, किए पाप का अंत।
अघ-बोझिल इस धरा का, हरे भार भगवंत ।।
सदा सत्य की है विजय, किए प्रमाणित राम।
मद-घमंड-छल-छद्म से, बने न कोई काम ।।
अभिमानी रावण मरा, जला पाप का लोक।
भक्तों को प्रभु त्राण दे, दिए वास परलोक।।
सत्य-धर्म के हेतु प्रभु, लिए मनुज-अवतार।
मर्यादा की सीख दे, जग को लिए उबार।।
कपट-झूठ,छल-छद्म पर, मिली विजय अनुकूल।
इसी दिवस शुभ पर्व पर, मरा काल प्रतिकूल।।
राम-नाम शुभ मंत्र है, जपें सदा दिन-रात।
रहें मनाते पर्व यह, बन जाएगी बात।।
गांधी
अपराजेय गांधी (अतुकांत)
व्यक्ति नहीं पूजा जाता,
पूजा जाता है व्यक्तित्व-
व्यक्ति तो होता है हाड़-मांस का एक पुतला,
जिसकी नियति है गल जाना-सड़ जाना-पूर्ण रूपेण
समाप्त हो जाना।
अमरत्व,दैवत्व की श्रेणी में आता है व्यक्तित्व-
कल था-आज है-
और कल भी रहेगा।
उसके व्यक्तित्व से होती है,
व्यक्ति की उपादेयता।
सुंदर-स्वस्थ-हट्टा-कट्टा वह भले ही हो-
पर,मर्यादा विहीन गठीला बदन किसी भी-
काम का नहीं।
राम-कृष्ण-बुद्ध-ईसामसीह-मोहम्मद मात्र-
नाम और व्यक्ति ही नहीं-मूल्यों-आदर्शों एवं
मर्यादाओं के प्रतीक उदात्त व्यक्तित्व हैं।
बाधाएँ-रोड़े-अनअपेक्षित घटनाएँ राह की
बाधक नहीं हो सकतीं-
चेत पक्का हो लक्ष्य अथवा ध्येय।
कठिनाइयाँ तो आएँगीं-अपना काम करेंगीं।
हमें भी अपना काम करना है।
कठिनाइयों से लड़ना है।
स्थापित करना है मूल्यों को,मर्यादाओं को।
टूटना नहीं-बिखरना नहीं-मुड़ना नहीं-
बस,चलते ही रहना है-चलते ही रहना है –
था यही सिद्धांत उसका
कहते हैं जिसे हम
गांधी।
गांधी व्यक्ति नहीं,
व्यक्तित्व है।
एक प्रभावशाली सोच का
नाम है गांधी।
उनकी मानवी श्रेष्ठ सोच ने ही
बना दिया उन्हें अमर
आज भी उनके अस्तित्व और
श्रेष्ठ सोच से नहीं किया जा सकता
कदापि इनकार।
सत्य-अहिंसा का पुजारी,
वह महा मानव है विराट व्यक्तित्व-
अपराजेय हैं गांधी।
डॉ. हरि नाथ मिश्र, अयोध्या, (उ. प्र.)







