डॉक्टर रामबली मिश्र, वाराणसी।
“नया अध्याय” समाचार पत्र, उत्तराखण्ड
धन तेरस
धन तेरस है हृदय में, यदि हो भाव पवित्र।
लक्ष्मी की इस जगह पर, खोजो अपना मित्र।।
निर्मलता के गेह में, है कुबेर का वास।
तन- मन- उर की शुद्धता, ही सम्पत्ति निवास।।
बहता सागर क्षीर है, जहाँ विवेक स्वराज।
नारायण का धाम यह, धन- देवी का राज।।
लक्ष्मी- नारायण सदा, गाते मंगल गीत।
धन तेरस हर समय है, यदि हो वृत्ति पुनीत।।
शांत चित्त कोमल मलय- गिरि पर चंदन गंध।
धन तेरस इस शैल पर, दिल में सतत सुगंध।।
धन तेरस अतिशय सुहृद, यदि पावन संकल्प।
उत्तम मानस विमल चित, शुभ धन का अभिकल्प।।
अंतस में स्थापित दिखे, दिव्य अर्थ भंडार।
सच्चे मन में है सहज, धन तेरस त्योहार।।
उर -दीपक की रोशनी, में दैवी उजियार।
भीतर की शिव सम्पदा, से हो आत्मोद्धार।।
धन तेरस का पर्व नित, भरता मधु उत्साह।
मन में बढ़ती लालसा, शुचिर रत्न की चाह।।







