भारती चौधरी, उत्तरप्रदेश।
कविता -कर्तव्य पथ
शिथिल पड़ा क्यूँ मौन होकर
जरा सी बाधा से यूँ ध्यान खोकर
क्यूँ अंतर्मन विचलित करता है
क्यूँ कर्त्तव्य पथ से पीछे हटता है?
आशा निराशा का मेल है जीवन
क्यूँ निराशा में गोते खाता है
इक चिराग हृदय में सदा जलाए रखना
क्यों गहरे तम में डूबा जाता है?
क्या सहना दुःख दर्द की पीड़ा
दुःख जीवन का मात्र इक क्रीड़ा
जो करना है, वो करता जा
यूँ जी कर भी मत मरता जा।
यूँ कमियाँ तुझमें लाख सही
जीवन शून्यता से ग्रस्त है,
है कौन जग में सम्पूर्ण हुआ
है कौन नहीं व्यथा से त्रस्त है?
सौंप दे मुस्कान को ये दर्द सारे
देख फिर बदलेंगे ये सारे नजारे
ये जग हँसते हुए को हँसाता है
रोता इंसान कहाँ किसी को भाता है
तू जानता है ख़ुद तू क्या है?
ये दुनिया की आलोचना सब मिथ्या है
तू इंसान है, तू ख़ुद को बदलता जा
ये दुनिया बदलने की चाह से दूर निकलता जा।
जीवन को अंतिम समर समझ
हर क्षण पग धरते जाना है
टूटे गर शमशीर समर में
टूटी शमशीरों से भी लड़ते जाना है।
स्वयं को कब तक यूँ मिटाता जाएगा
व्यर्थ की चिंता से जीवन घटाता जाएगा
लड़े बिन ही जीवन युद्ध तू हार जाएगा
धिक्कारेगा तेरा ही हृदय तू कायर कहलाएगा।







