राजकुमार कुम्भज
जवाहरमार्ग, इन्दौर
(नया अध्याय, देहरादून)
_____________________
झप्पू-झप्पू पों-पों—एक
_____________________
झप्पू-झप्पू पों-पों
इसने कहा, उसने कहा, तुम भी कहो
जीवन-मृत्यु का कारण और प्रश्न है भाऊ
नहीं कहोगे तो कारण बनेगा सीधे मरो
मौक़ा मिले, न मिले मार दिए जाओगे बस
गलत है इल्जाम कि गलत हैं वे सभी जन
जो जीते हैं, मरते हैं और करते हैं प्रेम
और डरते नहीं हैं किसी के भी बाप से
अच्छे हैं दिन और परेशान हैं सबके सब
सरकार करती नहीं है जरा भी परवाह
फटाफट कायम कर लेती है मौका
नाता-रिश्ता बुलडोज़र ही बुलडोज़र
और सट-सटाक् झप्पू-झप्पू पों-पों
कहा मानोगे तो प्रश्र ही नहीं कहीं भी
कलंक धुल जाएँगे,चकाचक हो जाएँगे
उत्तर में पाओगे, पद, प्रतिष्ठा, पैसा हाँ जी
और प्रति-नागरिक पाँच किलो राशन
नजर नीची, हाथ बंद, मुँह पर ताले लिए
अस्सी करोड़ हैं, जो लाभान्वित हैं मियाँ
चुप-चुप झप्पी में सब झप्पू-झप्पू पों-पों
एक तुम ही हो भूतियानंदन शिरोमणि
जो वक्त-बेवक्त करते रहते हो भों-भों
इस भयाक्रांत समय में है नहीं कहीं अभय
और अगर है कहीं, तो है यहीं और है यही
पिंजरे में बंद बेशर्म तोताराम हो जाओ
इसने कहा, उसने कहा, तुम भी कहो
झप्पू-झप्पू पों-पों.
_____________________
झप्पू-झप्पू पों-पों —दो.
_____________________
तंत्र है, मंत्र है, षड़यंत्र है
भों-भों है चारों तरफ कि लोकतंत्र है
नँग-धड़ँग है,पारदर्शी है सब कुछ
हाथी पर सवार होकर आ रहे हैं राजाजी
राजाजी की टूटी है टाँग,कटी है नाक
फिकर नाँट जी फिकर नाँट,कौनौ नाही
ख़बर बुरी है, जरा अच्छी तरह पढ़िए
नँगे राजाजी के साथ नँगे अँग-रक्षक हैं
अँग-रक्षक हैं कि रक्षक ही भक्षक हैं
बदलते हैं भेष, भूषा, भाषा और मुखौटे
झप्पू-झप्पू पों-पों करते हैं जहाँ-तहाँ
कुर्सी-मार्ग पर चलते हुए भूल गए वृक्ष
चेहरे की कालिख को बताते हैं काजल
पीटते हैं पानी कि पीटते हैं हर हरा विचार
चुप हैं तमाम सुधिजन अपने दड़बों में
लकवाग्रस्त लोहा है बैंड-बाजों में शामिल
सिर्फ एक ही गूँज है झप्पू-झप्पू पों-पों
मज़े ही मजे हैं सरकारी तरकारी के
रीढ़हीन होकर सजदा करो, झुक जाओ
नित-नित दोहराओ, नित-नित पाओ
सरकारी ठेके से, सरकारी ठेंगे से
झप्पू-झप्पू पों-पों.
_____________________







