महेन्द्र मद्धेशिया
(विद्यार्थी : सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु)
सलहन्तपुर – दुल्हा शुमाली, सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश)
(नया अध्याय, देहरादून)
मंजिल की ओर
खुली आँखों के सपनों को
साकार किया जाए
घर से निकले हैं, तो बस
घर का मान बढ़ाया जाए।
माता-पिता की आशाओं को
बहन-भाइयों की अभिलाषाओं को
नव-नव आकार दिया जाए।
भ्रम को जीवन में लाकर
भ्रमित नहीं होना है
निराशा आए यदि
तो संयम नहीं खोना है
निराशा के क्षणों में
लक्ष्य एक रखा जाए।
जीत रहे तो प्रतिमान बनकर
हार रहे तो मेहमान बनकर
प्रतिपल मंज़िल की ओर
इस कदर बढ़ा जाए।
विकास के नीचे दबा आदमी
फुटपाथ पर लेटा है वह आदमी,
नजरें टिकाए हैं उस होर्डिंग पर,
जहाँ लिखा है सबको मिलेगा पक्का मकान
और तस्वीर में मुस्कुरा रहे हैं कुछ मंत्री।
सिरहाने रखे हैं कुछ टूटे हुए खिलौने,
जिनसे अब उसकी बेटी नहीं खेलती,
क्योंकि वह नींद में भी भीग जाती है।
हर बूँद बारिश की उसे नींद से जगा देती है।
कभी टपकती छत की बात होती थी,
अब तो छत होना ही एक सपना है।
झुग्गियाँ हटा दी गईं साफ़-सफाई के नाम पर,
और कहा गया विकास जरूरी है।
वह सोचता है,
क्या मैं विकास में बाधा हूँ?
या फिर बस इतना कमजोर हूँ
कि मेरी चुप्पी को सबने मौन समर्थन मान लिया।
रात को नींद नहीं आती,
क्योंकि सड़कें सख्त होती हैं
और सपने भी।
पास से गुजरती कारें
धूल छोड़ती हैं, दया नहीं।
सरकार कहती है योजना चल रही है,
पर पेट की तरह इंतजार भी रोज़ खाली सोता है।
और वह आदमी,
अपने बदन को दीवार समझकर
हर तूफान को रोकने की कोशिश करता है।
परीक्षा कक्ष
कमरे में
कई पंक्तियाँ हैं।
हर पंक्ति में लकड़ी से बनी
दोनों ओर से घिरी कुछ डेस्क।
डेस्क के सामने कुर्सियाँ,
और कुर्सियों पर बैठे हैं
अंतर्द्वंद्व से जूझते विद्यार्थी।
सभी शांत हैं,
इतने शांत कि पड़ोसी की भी
सांसों की आहट तक सुनाई दे।
पर भीतर, अंतर्द्वंद्व का शोर
इतना तीव्र कि
किसी और की आवाज़
कानों तक पहुँचती ही नहीं।
ऐसा लगता है जैसे हर कोई अकेला है,
और इस मरुभूमि जैसे कमरे से
छुटकारा चाहता है।
पर मरुभूमि
और विद्यार्थियों से भरे इस बंद कमरे में
एक अंतर है—
तपिश तो एक-सी है,
पर आशाएँ भिन्न।
मरुभूमि में
फसल लहराए या न लहराए,
पर इस बंद कमरे में बैठे
विद्यार्थियों के बीच
उम्मीदें सदैव जीवित रहती हैं,
नए कीर्तिमान स्थापित करने की।







