डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या
(नया अध्याय, देहरादून)
माननीय जी
करते मिलकर भ्रमित सदन को,
माननीय कहलाते हैं।
राष्ट्र-विरोधी मुहिम चलाकर,
झूठी कसमें खाते हैं।।
विकसित होता भारत अपना,
उनको नहीं सुहाता है।
बाहर बैठे शत्रु-सोच से,
लगता उनका नाता है।
उल्टी-सीधी बातें करके,
जन-जन को भरमाते हैं।।
झूठी कसमें खाते हैं।।
भोली-भाली जनता उनके,
झाँसे में आ जाती है।
बार-बार उनको ही चुनकर,
नायक प्रबल बनाती है।
सत्ता पाकर माननीय जी,
वादा नहीं निभाते हैं।।
झूठी कसमें खाते हैं।।
प्रति-दिन सदन स्थगित रहता,
माननीय के कर्मों से।
कार्य नहीं सम्पादित होते,
विधि-विधान के धर्मों से।
नित नूतन करके विवाद ये,
गरिमा सदन गिराते हैं।।
झूठी कसमें खाते हैं।।
संविधान की कसमें खाकर,
धोखा नहीं दिया जाता।
राष्ट्र और जनता-हित बदले,
कुछ भी नहीं लिया जाता।
पर, इसके विपरीत सोच को,
माननीय अपनाते हैं।।
झूठी कसमें खाते हैं।।







