नवीन डिमरी ‘बादल’
‘सरस्वती सदन’
सैण (डिम्मर)
सिमली, चमोली।
(नया अध्याय)
होली का त्यौहार मनायें
धानी चुनर धरती ओढ़े,
रंग बिखेरे फागुन आये,
ढाक-बुराँश अगन-से दहके,
अमराई मधु-गंध लुटाए,
कोयल कूके मधुर सुरों में,
मन का आँगन भी मुस्काए,
आओ मिल हँस फाग सुनाएँ,
होली का त्यौहार मनायें।
लाल उमंगें गालों पर हों,
पीली आशा मन में छाए,
हरा भरोसा अंकुर जैसा,
जीवन में मुस्कान सजाए,
रंग प्रेम का दीपक बनकर,
हर दिल में उजियारा लाए,
रंग-गुलाल उड़ायें मिलकर,
होली का त्यौहार मनायें॥
ढफली, ढोल, मंजीरा बाजें,
पिचकारी से रंग बरसायें,
हँसी-ठिठोली के संग नाचें,
इक दूजे पर रंग लगायें।
गुझिया, मठरी, बालूशाही,
खुशबू से घर-घर महकायें।
हर्षित होकर बाँट मिठाई ,
होली का त्यौहार मनायें॥
बच्चों की किलकारी गूँजे,
आँगन-आँगन रंग समाए,
मीत पुरातन याद दिलाएँ,
एक नया विश्वास जगाएँ,
वैर-भाव सब दूर भगाकर,
अपनापन फिर से लौटायें,
नफरत की दीवार गिराकर,
होली का त्यौहार मनायें॥
—–0—–








