राजेंद्र रंजन गायकवाड़
(सेवा निवृत केन्द्रीय जेल अधीक्षक)
छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, देहरादून)
महिला दिवस
वह आती है जैसे सूरज की पहली किरण
नन्हीं उँगलियों से, सारा अंधेरा छीनकर।
उसकी एक मुस्कान में समा जाता है,
दुनिया का सारा शोर, सारा अभिमान।
उसकी आँखों में समंदर लहराता है,
जिसमें डूबकर आदमी पार हो जाता है।
उसकी चुप्पी में छिपा है बड़ा तूफान,
जो मर्दाना अहं को चूर-चूर कर जाता है।
जब वह चलती है तो धरती थरथराती,
साँसें थम जाती हैं, समय रुक जाता है।
उसकी हँसी से बंधन टूटते हैं सभी,
उसके गुस्से में आसमान डगमगाता है।
वह न रानी है, न देवी, न कोई मूर्ति
वह है और उसका होना ही काफी है।
जिसके सामने सारी सत्ता नतमस्तक,
जिसके आगे ताकतें बौनी हो जाती हैं।
आज नहीं, कल नहीं आदि से अंत तक
महिला का वर्चस्व, त्याग और अभिमान
अनलिखा, अव्यक्त सा ही रह जाता है।
क्योंकि जो सचमुच दुनियां को चलाती
उसे ताज पहनना, उतारना भी आता है।







