गीत (सुंदर सोच)

Spread the love

 

डॉ0 हरि नाथ मिश्र

पूर्व विभागाध्यक्ष-अँगरेजी,

का0 सु0 साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय,

अयोध्या, (उ0प्र0)

               (नया अध्याय, देहरादून)

 

 

 

गीत (सुंदर सोच)

बने यह धरती स्वर्ग समान,

कटे जो संकट पड़ा महान।

जगे जन-जन में शुभ सद्भाव-

विराजे अधरों पर मुस्कान।।

 

प्रकृति से करें सभी जन प्रेम,

हृदय में रखकर अपना क्षेम।

सदा बादल बरसे जल-धार,

अवनि भी उपजे अन्न अपार।

सुगंधित रहे सदा मन-बाग-

लिए मधु गूँज भ्रमर का गान।।

     विराजे अधरों पर मुस्कान।।

 

सभी कठिनाई को जग तोड़,

दिखाए सदा सुहाना मोड़।

चाँदनी का सुख मिले अपार,

चमकता रहे सदा संसार।

भास्कर निज किरणों से रोज-

करे आलोकित सुखद विहान।।

      विराजे अधरों पर मुस्कान।।

 

उमड़ता दिखे हृदय में प्यार,

भावना विलसे जन-उपकार।

कष्ट के तरु की शाखा छाँट ,

सभी जन कष्टों को लें बाँट।

बने सबकी जग सुंदर राह-

मनुज का जीवन भरे उड़ान।।

    विराजे अधरों पर मुस्कान।।

 

तोड़ें शीघ्र घृणा की डोर,

मुलायम होएँ हृदय कठोर।

रहे आपस में मेल-मिलाप,

नहीं हो जग में कोई पाप।

यही हो एकमात्र ही मंत्र-

इसी से होता जग-उत्थान।।

    विराजे अधरों पर मुस्कान।।

 

 

  दोहे (समय)

 समय-समय की बात है, राजा बनता रंक।

बिच्छू से अमृत मिले, गैया मारे डंक ।।

 

कभी वक़्त पूछे नहीं, वो कब करे प्रभात?

तुम्हें समझना मीत हे, हो कब दिन कब रात??

 

वक्र चाल इस समय को, जाने वही सुजान।

इसी लिए सब हो सजग, करें समय-पहचान।।

 

वक़्त जिसे यदि मार दे, उसका हो न विकास।

बिना लक्ष्य इत-उत फिरे, करे जगत उपहास।।

 

भूल-चूक की घाव भी, भरे समय भरपूर।

बनें मीत रिपु-भाव को, कर के चकनाचूर।।

 

कल जो था सो तो गया, रखें आज का ध्यान।

रखे ध्यान जो आज का, होता वही महान।।

 

पकें समय से फल सदा, खिलें चमन में फूल।

बने वृक्ष लघु बीज भी, हरे समय हिय-शूल।।

 

 

तेरी याद

तेरी याद जब भी जहाँ मुझको आए,

मोहब्ब्त की महफिल सँग में सजाए।

बहुत याद आये, बहुत याद आए।। 

                तेरी याद….

करूँ याद फिर से वो गुजरा जमाना,

जहाँ से चला सिलसिला ये सुहाना।

तेरे सुर्ख़ होठों से मोहब्बत की बातें-

क़सम है खुदा की न भूले भुलाए।। 

           बहुत याद आए….

वो पेड़ों के झुरमुट, नदी के किनारे,

तेरी मस्त नज़रों के बाँके इशारे।

तेरे गेसुवों के नरम -नरम साये-

क़सम है खुदा की न भूले भुलाए।।

           बहुत याद आए….

कभी तेरा छुपना, कभी खुल के मिलना,

कभी मेरी बाहों में सिमटना, लिपटना।

मिलन की घड़ी का नशीला वो आलम-

क़सम है खुदा की न भूले भुलाए।।

         बहुत याद आए…

लौट के फिर से आ जा हमदम हमारे,

मेरे चाँद-सूरज चमकते सितारे।

ज़िंदगी के अँधेरे में कर दो उजाला –

जंजाली दुनिया न अब मुझको भाए।।

          बहुत याद आए……….।।

                 

मधुरालय

सुरभित आसव मधुरालय का 15

अंड-पिंड-स्वेतज-स्थावर,

व्यापक सबमें आसव है।

जड़-चेतन, चर-अचर-जगत की-

अति दृढ़ धुरी बनाई है।।

      पुरा काल से काल अद्यतन,

      बस आसव ही आसव है।

      यह तो है अनमोल धुरी वह-

      महि जिसपे टिक पाई है।।

सुरगण-मुनिगण-ऋषिगण सबने,

ब्रह्म-महत्ता दी इसको।

जीवन-कोष-केंद्र यह कहता-

क्या अच्छाई-बुराई है??

     जब तक आसव-द्रव है तन में,

     समझो, प्राण-अमिय रहता ।

     प्राण निकलना ध्रुव है तन से-

      अमृत सोच न जाई है।।

आसव-सोच अजेय-अमिट है,

तन जाए, शुभ सोच रहे।

यदि आसव सी सोच रहे तो-

समझो, अमर रहाई है।।

    निर्गुण-सगुण का अंतर मिटता,

    जब चाखो सुरभित आसव।

    उभय बीच की खाई की भी-

    इसी ने की पटाई है।।

ब्रह्म एक है, ब्रह्म सकल है,

ब्रह्म बिना ब्रह्मांड नहीं।

आसव-सरिता बहती रहती-

करती जग-कुशलाई है।।

       बिना प्रमाण प्रमाणित आसव,

       की शुचिता सुर-कंठ बहे।

       सुर-आसव की शुचिता ही तो-

       जग में शुचिता लाई है।।

शिव ने विष को कंठ लगाकर,

आसव-अमृत-धार किया।

विष-दुख गले लगा ही जग को-

मिलती शुभ सुखदाई है।।

       आसव शुभकर, आसव हितकर,

        शुभ चिंतन, सुख-साधन यह।

        इसी ने सुरभित स्वाद चखाकर-

        सुख-दुख किया मिलाई है।।

ब्रह्म-स्वरूप पेय इस आसव,

का निवास मधुरालय है।

जाकर जहाँ परम सुख मिलता-

भव-ज्वाला जल जाई है।।

     मधुर मोद, आमोद-मधुरता,

     सुरभित सुरभि-सुगंधित सुर।

    मधुरालय की सबने मिलकर-

    अद्भुत छटा सजाई है।।

निसि-वासर सुर-देव विराजें,

ब्रह्मनाद-उदघोष सतत।

परमानंद सकल सुख देता-

अनुपम प्रभु-प्रभुताई है।।

      अति प्रणम्य-रमणीय-सुरम्या,

      छवि मधुरालय शोभित है।

      छवि से यदि बहु-बहु छवि मिलती-

      तदपि यही छवि भाई है।।

एक घूँट बस दे दे साकी,

आसव की सुधि आई है।।

               

 

  • Related Posts

    दीपोत्सव : वैदिक चेतना, मानवीय संवेदना, अन्त्योदय और विश्वकल्याण का शाश्वत महाघोष।

    Spread the love

    Spread the love  डॉ. दीपक गोस्वामी                     (नया अध्याय, उत्तराखण्ड)                       …

    जुबान भी क्या चीज है साब!

    Spread the love

    Spread the love  पवन वर्मा                         (नया अध्याय, उत्तराखण्ड)                     …

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    दीपोत्सव : वैदिक चेतना, मानवीय संवेदना, अन्त्योदय और विश्वकल्याण का शाश्वत महाघोष।

    • By User
    • November 10, 2026
    • 10 views
    दीपोत्सव : वैदिक चेतना, मानवीय संवेदना, अन्त्योदय और विश्वकल्याण का शाश्वत महाघोष।

    जुबान भी क्या चीज है साब!

    • By User
    • November 10, 2026
    • 7 views
    जुबान भी क्या चीज है साब!

    सरकारी कॉलोनियों की ‘महाभारत’: अस्सी के दशक की धमाकेदार और हुल्लड़ भरी दीपावली।

    • By User
    • November 10, 2026
    • 17 views
    सरकारी कॉलोनियों की ‘महाभारत’: अस्सी के दशक की धमाकेदार और हुल्लड़ भरी दीपावली।

    चोपता-तुंगनाथ पैदल ट्रैक पर जगह-जगह कूड़े के ढेर। पर्यावरण संरक्षण के दावों की खुली पोल।

    • By User
    • November 10, 2026
    • 14 views
    चोपता-तुंगनाथ पैदल ट्रैक पर जगह-जगह कूड़े के ढेर।  पर्यावरण संरक्षण के दावों की खुली पोल।

    कर्मफल (भाग 26)

    • By User
    • November 10, 2026
    • 9 views
    कर्मफल (भाग 26)

    डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।

    • By User
    • November 10, 2026
    • 14 views
    डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’ को मिलेगा ‘भिवानी गौरव सम्मान–2026’, नारायणी देवी भगुनका ओजस्विनी सम्मान से होंगी सम्मानित।