सुनील कुमार वर्मा
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
एक अरसे बाद:
(लघुकथा)
बहुत अरसे के बाद विनय की एक पुराने और घनिष्ठ मित्र अखिल से अकस्मात मुलाकात हो गई। एक दूसरे से मिलकर दोनों मित्र बहुत खुश हुए। इतने दिनों बाद उनकी मुलाकात जो हो रही थी। दोनो बहुत उत्साह के साथ आपस में बातचीत में व्यस्त हो गए। अखिल ने कुछ पुरानी बातों को याद कर विनय को खूब हंसाया। विनय ने भी साथ की कुछ पुरानी यादों को अखिल के साथ साझा कर उसके अंतर्मन को गुदगुदाया। बातचीत का सिलसिला जारी रखते हुए उन्होंने कुछ वक्त और साथ बिताए। बातें और यादें बहुत थीं पर फिलहाल उन्हें अपनी अपनी व्यस्तता की वजह से समय का अभाव भी था। इसलिए जल्द ही फिर कभी मिलने का वादा कर उन्होंने एक दूसरे से विदा ली। मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान करना आजकल कौन भूलता है, भला ? सो वह भी कर लिया गया।
घर आकर विनय ने सभी को अपने पुराने मित्र अखिल से मुलाकात की बात बताई। अखिल विनय के स्कूल, कालेज के समय का मित्र था इसलिए विनय के माता-पिता उससे भली-भांति परिचित थे। पर विनय की पत्नी और बच्चों के लिए वह सिर्फ विनय के द्वारा कभी-कभार जिक्र किए जाने के कारण, बातों तक ही सीमित था।
अब विनय और अखिल में कभी-कभार मोबाइल से बातचीत और मैसेज का अदान प्रदान होने लगा। एक दो बार उन्होंने एक दूसरे के घर जाकर कर भी मुलाकातें कर लीं। उन्होंने दोनों परिवारों के सभी सदस्यों का औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए परिचय भी करवा दिया। दो-चार महीने में इतना सब कुछ होने के बाद। विनय ने यह महसूस किया कि, उन दोनों के बीच और कुछ कहने सुनने को अब रहा नहीं है। दोनों परिवारों के सदस्यों के लिए सब कुछ नया था और दोनों मित्रों के लिए सब पुराना। कुछ दिनों बाद उनमें सीमित बातें होने लगीं। बातचीत तथा मुलाकात का अंतराल भी बढ़ता गया। विनय ने सोचा कि, ये सब ऐसा क्यों हो रहा है ? मैं भी वही मेरा मित्र भी वही ! फिर क्या वजह है कि, जो मित्र कभी मेरे लिए खुशियों, मनोरंजन, उत्साह और ताजगी का पर्याय हुआ करता था ? जिसके साथ मैं मात्र अपने दुखों का जिक्र करता और चमत्कृत रूप से मेरा दुख रफ़ूचक्कर हो जाया करता था। अब दोनों के बीच वह बात नजर नहीं आ रही थी। दोस्ती के रिश्ते को जैसे खींचतान कर निभाने की कोशिश की जा रही थी। ये सब सोच विचार करते हुए विनय लेपटॉप पर अपने आफिस के पेंडिंग्स निपटाने की कोशिश भी करते जा रहा था। तभी अचानक अखिल का फोन आता है और दोनों फिर अधूरे मन से फार्मल बातों में खुद को मशगूल करने में लग जाते हैं।
इस बातचीत के दौरान विनय अपने मन के विचलन को अखिल के साथ साझा करने के लिए आतुर हो रहा है। वह सोच भी रहा था कि, वह अखिल से अपने अंतर्मन की बातें कहे या ना कहे और कहे भी तो कैसे कहे ? ऐसा ना हो कि, ये सिर्फ उसकी सोच या भावनाएं हों और अखिल के मन में ऐसी कोई बातें ना हों। तब ? अखिल उसके बारे में क्या सोचेगा ? यही सोच कर थोड़ी देर तक विनय अपने आप को संभालता रहा। पर अंततः उसने अखिल से अपने दिल की बात कहने की सोच ली। अपनी बातें अखिल से कहकर विनय के दिल को सुकून ही मिला क्योंकि अखिल भी उसकी बातों से पूरी तरह सहमत था। अखिल के मन मस्तिष्क में भी इसी तरह की बातें डेरा जमाए हुई थीं। विनय ने अखिल से कहा।
“यार अखिल एक बात बताओ। तुम भी वही हो। मैं भी वही हूं। फिर भी अब हमारी दोस्ती में वह उत्साह और ताजगी क्यों नजर नहीं आती है जो कालेज के जमाने में हुआ करती थीं?”
अखिल शुरू से ही विनय की अपेक्षा थोड़ा गंभीर और सोच विचार कर बोलने वाला था। उसने विनय की बातें बहुत ध्यानपूर्वक सुनी और कुछ पल खामोश रहने के बाद उसने कहा।
“विनय तुम ठीक कह रहे हो कि, हमारी दोस्ती में ये फर्क क्यों आ गया है ? तुम भी वही। मैं भी वही…”
विनय ने जल्दी बाजी में अखिल के बातों का समर्थन करते हुए कहा।
“एक्जेक्टली, अखिल। मैं यही तो कहना चाह रहा हूं!”
विनय की बातें पूरी होने पर अखिल ने विनय को जवाब देते हुए कहा।
“हुआ कुछ नहीं है विनय.दरअसल हम किरदार तो वही हैं पर हमारी कहानियां बदल चुकी हैं. समय बदल चुका है। जरूरतें बदल चुकी हैं… हमारी जिम्मेदारियों के साथ हमारी प्राथमिकताएं भी बदल चुकी हैं।”
विनय और अखिल इसी तरह की असमंजस की स्थिति में कुछ देर और बातें कर फोन पर अपनी बातचीत समाप्त करते हैं।
इसके बाद विनय और अखिल में बहुत दिनों तक बातचीत और मेल मुलाकात नहीं हो पाती है। दोनों फिर से अपने अपने जीवन मे व्यस्त हो जाते हैं। बहुत दिनों के बाद अचानक एक दिन दोनों की मुलाकात एक रेस्टोरेंट में हो जाती है। वैसे यह एक संयोग मात्र था कि, यह वही रेस्टोरेंट था जहां कालेज के दिनों में अधिकतर दोनों अपने यार दोस्तों और सहपाठियों के साथ बैठकर चाय काफी के साथ आज़ाद गप्पें मारा करते थे। विनय अखिल को वहां देखकर उससे एक कप चाय साथ में पीने की इच्छा जाहिर करता है। यहां इनकार जैसी कोई बात नहीं थी इसलिए अखिल भी तुरंत तैयार हो जाता है। वेटर पुराना था और विनय और अखिल को कालेज के दिनों से जानता था। एक अरसे बाद विनय और अखिल को एक साथ देखकर वह बहुत खुश हो जाता है और इसके पहले कि, विनय या अखिल वेटर से कुछ लाने को कहते। वह वहां से जा चुका था। थोड़ी ही देर बाद जब वह उनके पास वापस आया तब उसके हाथों मे ट्रे थी। जिसमें पानी के दो गिलास, कांच के एक छोटे गिलास में गरमा गरम चाय और एक खाली छोटा कांच का गिलास था। यह देखकर विनय और अखिल आश्चर्य से मुस्कुराए बगैर ना रह सके। तब विनय ने वेटर से कहा।
“क्यों नंदू…तो तुम्हें आज भी सब कुछ याद है !”
नंदू भी मुस्कुराते हुए उत्साह के साथ बोला।
“हां, तभी तो मैं एक गिलास में चाय और एक खाली गिलास लाया हूं। आप दोनों हमेशा मुझे दो कट चाय का आर्डर देते थे, मुझे आज भी याद है।”
अखिल ने भी हंसते हुए कहा।
“और यहां कट,मतलब हाफ गिलास चाय नही मिलती थी इसलिए….”
विनय भी बातचीत में खुद को रोक नहीं सका और लगभग चहकते हुए बोला।
“इसलिए….इसलिए हम तुमसे एक गिलास चाय और एक खाली गिलास मंगवाते थे, है ना ?”
नंदू पुरानी बातों को याद कर भावुक हो गया इसलिए वह कुछ कह ना सका। वह अपनी भावनाओं को छुपाते हुए खामोश था। उसे किसी दूसरे टेबल से भी आर्डर लेना था इसलिए विनय और अखिल को चाय और पानी का गिलास देकर वह वहां से चला गया। विनय ने देखा अखिल रेस्टोरेंट के पुराने दिनों को याद कर खुशी महसूस कर रहा है। तभी अखिल चाय के गिलास और चाय के खाली गिलास को विनय की ओर बढ़ाता है। विनय समझ गया कि, अखिल क्या कह रहा है और क्या चाहता है ? फिर वह अखिल के मतलब को समझते हुए मुस्कुराता है और चाय के गिलास को अखिल की ओर बढ़ाते हुए कहता है।
“नहीं अखिल, आज यहां कुछ भी नहीं बदल रहा है। ना किरदार और ना कहानी। इसलिए हमेशा की तरह तुम ही आज एक फुल चाय की दो कट चाय बनाओगे…..और हां वह भी चाय की एक बूंद टेबल पर गिराए बगैर।”
इतना सुनकर अखिल हंस पड़ा। अखिल के एक फुल चाय को बिल्कुल बराबर मात्रा की चाय में दो कट में बांटने की कला को सारा कालेज जानता था। वह यह काम टेबल पर चाय की एक बूंद गिराए बगैर बेहद फुर्ती और इतनी सफाई से करता था कि, हम सभी अचरज में पड़ जाते थे। विनय के कहने पर अखिल ने आज भी वैसा ही करने का प्रयास किया। पर आज उसने अपने हाथों में एक कंपन सा महसूस किया। जिसकी वजह थी उम्र, आत्मविश्वास की कमी और विनय द्वारा दिए जाने वाला वह टास्क जिस पर उनकी पुरानी दोस्ती और यादों की मजबूती टिकी थी। अखिल ने ये सब कुछ सोचा और एक बार आज फिर उसने चाय की एक भी बूंद टेबल पर नहीं गिरने दी और पलक झपकते ही एक फुल चाय को चाय की बराबर मात्रा के साथ दो कट में बदल दिया। विनय भी ये सब होते हुए बहुत ध्यान से देख रहा था। वहां अब सब कुछ बिना किसी के कहे सुने सामान्य सा हो चुका था। विनय के भरोसे, अखिल के आत्मविश्वास पूर्ण हुनर ने यह दिखा दिया था कि, वाकई वहां अभी भी सब कुछ पहले जैसा ही था। किरदार, कहानी और दोस्ती सब कुछ, कुछ भी नहीं बदला था। बस वक्त की परतों के पीछे यादों का अस्तित्व धुंधला सा गया था। वही यादें आज वक्त के कुछ परतों को हटा कर देख पा रही थीं कि, अब दोनों दोस्त मुस्कुराते हुए चाय पी रहे हैं। दोनो बहुत खुश भी थे। पर हां अखिल ने चाय पीते हुए गौर से देखा कि, उसने भले ही एक फुल चाय को दो कट बनाने में चाय की एक बूंद भी टेबल पर गिरने नहीं दी थी पर इस वक्त चाय पीते हुए अपने घनिष्ठ मित्र विनय की आंखों में आंसुओं की कुछ बूंदें छलकने से वह रोक नहीं पाया था। आज विनय अखिल से ज्यादा भावुक नजर आ रहा था।
इस बीच नंदू वहां आकर खामोशी से उनकी टेबल से पानी और चाय के खाली गिलास उठा रहा था। एक अरसे बाद।







