डॉ. प्रियंका सौरभ
पीएचडी (राजनीति विज्ञान)
कवयित्री/ सामाजिक/ चिंतक/ स्तंभकार
आर्यनगर, हिसार (हरियाणा)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
छूट गए आँगन मगर, बाकी उनका नूर।
कुछ ना भूलें लड़कियाँ, चाहे जाएँ दूर॥
पीली माटी से लिपा, घर का सारा द्वार।
माँ की चूड़ी की खनक, गूँजे बारंबार॥
चाकी, बोहनी, छाज की, महके स्मृति कपूर।
कुछ ना भूलें लड़कियाँ, चाहे जाएँ दूर॥
दादी,मटकी याद है, घी की मीठी गंध।
उँगली वाले भेद भी, बाँधे मन के बंध॥
रोटी-मक्खन शरारतें, बचपन लिए गरूर।
कुछ ना भूलें लड़कियाँ, चाहे जाएँ दूर॥
थांबी, खूंटी, पीढ़ियाँ, बचपन के आधार।
जँगला, किवाड़, देहरी, सपनों के संसार॥
झूल रही हैं याद में, सब बातें भरपूर।
कुछ ना भूलें लड़कियाँ, चाहे जाएँ दूर॥
बाबा की वह मूँछ भी, लाठी की झंकार।
आँगन का वो सिलबट्टा, चूल्हे का व्यवहार॥
एक-एक वस्तु बोलती, होकर आज हुज़ूर।
कुछ ना भूलें लड़कियाँ, चाहे जाएँ दूर॥
छूट गया सब काल में, बदला जग का दौर।
फिर भी मन लौटे वहीं, यादों की उस ठौर॥
मायके की हर साँस का, रहता मन में नूर।
कुछ ना भूलें लड़कियाँ, चाहे जाएँ दूर॥







