डॉ0 हरि नाथ मिश्र
(पूर्व विभागाध्यक्ष-अंग्रेजी)
का0 सु0 साकेत स्नातकोत्तर महाविद्यालय,
अयोध्या, (उ0प्र0)
(नया अध्याय, देहरादून)
गीत (बरसो मेघा)
उमड़-घुमड़ कर बरसो मेघा,
धरती को सरसा जाओ।
बूँद-बूँद को तरस रही है
जल आकर बरसा जाओ।।
जीव-जंतु सब भूखे-प्यासे,
इधर-उधर हैं भटक रहे।
वन-उपवन के सूखे पत्ते,
उड़ राहों में अटक रहे।
सभी जोहते वाट हैं तेरी-
आ सबको नहला जाओ।।
जल आकर बरसा जाओ।।
कृपा तुम्हारी पाकर दुनिया,
फूले-फले मुदित रहती।
तेरा आशीर्वाद सरित पा,
निर्मल नीर सहित बहती।
कण-कण सूखी इस धरती पर-
दया-दृष्टि दिखला जाओ।।
जल आकर बरसा जाओ।।
तृण-विहीन मैदान पुकारें,
खेत और खलिहान सभी।
आओ बरखा रानी आओ,
जल बरसाओ अभी-अभी।
तेरे बिना सकल जग प्यासा-
अमृत नीर पिला जाओ।।
जल आकर बरसा जाओ।।
काले मेघ गगन की शोभा,
जीवन-स्रोत यही सबके।
उमड़-घुमड़ कर ये जल बनकर,
अवनि हरित करते बहके।
आओ फिर से जमकर बरसो-
तन-मन को हर्षा जाओ।।
जल आकर बरसा जाओ।
धरती को सरसा जाओ।।







