डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
समर्पण
धन्य हैं लाल
धन्य हैं लाल वो जो वतन के लिए,
मुस्कुराते हुए सर कटा के गए।
मान-मर्दन किए दुश्मनों का यहाँ-
मान अपने वतन का बढ़ा के गए।।
रौंद कर रख दिये सारे मंसूबों को,
पल रहे थे जो दुश्मन की हर चाल के।
दिखा युद्ध-कौशल चकित कर दिए,
पार कर द्वार दुश्मन के भ्रम-जाल के।
पवन-वेग से उड़ गगन में तुरत ही-
विघ्न सारे समर के हटा के गए।।
मान अपने वतन……..।।
हौसले उनके हर-पल बुलंदी पे थे,
मार मौसम की उनको फ़िकर भी न थी।
बर्फबारी हो या हो तपिष का कहर,
या फ़िर तूफ़ानी दरिया लहर की न थी।
सर पे बाँधे क़फ़न वो तो बढ़ते गए-
ख़ुद की हस्ती वतन पे मिटा के गए।।
मान अपने वतन……….।।
जब भी दुश्मन ने सीमा पे ललकारा है,
उठ तुरत वीर पुत्रों ने दुत्कारा है।
लाख दुश्वारियाँ राह में हैं पड़ीं,
मुक़द्दरे मुल्क़ को फ़िर भी सँवारा है।
क़दम-दर-क़दम सर क़लम कर के दुश्मन-
को दिन में भी तारे दिखा के गए।।
मान अपने वतन…………।।
गोद मावों की सूनी भले हो गयीं,
भाई बहनों के उनसे हैं बिछड़े भले।
लाल सिंदूरी रेखा भले मिट गयीं,
पर मिले मौत से वो तो हँसते गले।
कर दिये वीर अपने को जग में अमर-
नाम अपने तारीख़ी बना के गए।।
मान अपने वतन………..।।
सौ जनम का मिले पूण्य बस इक जनम,
गर निछावर हुआ है वतन के लिए।
त्याग इक पल का रहता है सदियों सुनो,
गर निभाया गया हो वचन के लिए।
कर के पालन पिता के ख़ुद निर्मम वचन-
मुस्कुरा राम खुशियाँ लुटा के गए।।
मान अपने वतन का बढ़ा के गए।।







