डॉ0 हरि नाथ मिश्र, अयोध्या (उ0प्र0)
आल्हा
पापियों का विनाश (आल्हा/वीर छंद-16,15)
जब अपराधी बढ़े अवनि पर, उनका यहाँ हुआ संहार,
निश्चित कोई शक्ति है ऊपर, सुनती जो है भक्त-पुकार।
यद्यपि देती राजनीति यह, उनको सबल सुरक्षा-मंत्र,
फिर भी कलश पाप का फोड़े, अंत प्रशासन-विधि का तंत्र।
रावण-कंस-दुशासन ने भी, कभी किया था अत्याचार,
कोई सत्ता थी जो आकर, उनका किया शीघ्र संहार।
कुछ भी नहीं समय से बढ़कर, होता समय बड़ा बलवान-
उचित समयआने पर ही तो, जग में आते हैं भगवान।।
सतयुग-त्रेता-द्वापर का है, प्राप्त विश्व में उचित प्रमाण,
फूटे अघ-घट सकल काल के, हुआ विश्व का तब कल्याण।
कलियुग में भी असुर बहुत हैं, करो न इनकी तुम परवाह-
अंत है होता इनका निश्चित, पकड़ो सच्चाई की राह।।
आओ मिलकर सभी सवाँरें, रहे समय की यही पुकार,
मदद सदा शासन की करके, रोकें सब जन अत्याचार।
प्रेम-भाव-सौहार्द अमल कर, करें अभी सब-पाप-विनाश-
एक-एक को चुन-चुन मारें, मिटा तिमिर अब करें प्रकाश।।
मात्र निदान एकही इसका, होए नहीं जगत में पाप,
रक्तबीज सा यह है बढ़ता, अब न अंकुरित हो संताप।
चले ‘विकासी’चाल यहाँ जो, उसका करना सत्यानाश-
राजनीति का खेल घिनौना, इसका करना पर्दाफाश।।
समय-समय पर होता रहता, पाप-पुण्य का ऐसा खेल,
यह है कुदरत खेल-तमाशा, तम-प्रकाश,सुख-दुख का मेल।
रहें बिठाते काल संग हम, यदि अपना संबंध मिठास,
सदा रहेगी क़ायम जग में, शांति और सँग हर्षोल्लास।।







