ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
जिलाधिकारी ने किया विकासखंड लमगड़ा के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तहसील कार्यालय तथा खण्ड विकास कार्यालय का निरीक्षण।
अल्मोड़ाः जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे ने आज दिनांक 27मार्च2025को विकासखंड लमगड़ा के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तहसील कार्यालय तथा विकास कार्यालय का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी सर्वप्रथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा पहुंचे। वहां उन्होंने डॉक्टर उपस्थिति पंजिका, ओपीडी रजिस्टर, दवाई घर, टीकाकरण कक्ष आदि का निरीक्षण किया तथा डॉक्टर्स को निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले मरीजों एवं तिमारदारों के साथ अच्छा व्यवहार रखें। उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि जो डॉक्टर एवं कार्मिक लंबे समय से अनुपस्थित हैं उन्हें जल्द नोटिस जारी किया जाए।
वहीं क्षेत्रवासियों ने अस्पताल की एंबुलेंस के संचालन का मुद्दा जिलाधिकारी के सम्मुख रखा। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि अस्पताल की 108 एंबुलेंस को चाक चौबंद रखा जाए ताकि जरुरत पड़ने पर उसे प्रयोग में लाया जा सके।
इसके पश्चात जिलाधिकारी तहसील कार्यालय लमगड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने विभिन्न पटलों का अवलोकन कर, तहसील के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने तहसील कर्मियों को निर्देश दिए कि तहसील आने वाले लोगों का काम निर्धारित समय पर करें। जिलाधिकारी ने यहां खाता खतौनी, प्रमाणपत्र जारी करने आदि के बारे में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील के सारे कार्य समय पर किए जाएं और रजिस्ट्री कार्य भी निर्धारित समय पर किए जाएं। उन्होंने खण्ड विकास कार्यालय का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ आरसी पंत,उप जिलाधिकारी जैंती/भनोली एनएस नगन्याल, खण्ड विकास अधिकारी निवेदिता खुलबे, तहसीलदार बालम सिंह बिष्ट समेत अन्य कई अधिकारी उपस्थित रहे।







