संवाददाता आगर-मालवाः गोवर्धन कुम्भकार।
ऑपरेशन सिंदूर के तहत जिला कलेक्टर श्री सिंह द्वारा प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए।
धारा 163 के अंतर्गत निम्न प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं।
व्हाट्सएप ग्रुप में आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित होने पर ग्रुप एडमिन की जवाबदारी…
जुलूस, धरना, प्रदर्शन आदि आयोजन बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के नहीं होंगे।
उक्त आदेश आगामी 2 माह की अवधि तक प्रभावशील रहेगा,
आगर-मालवाः जिला दण्डाधिकारी, राघवेन्द्र सिंह द्वारा जन कल्याण एवं लोक शांति कायम रखने तथा कानून व्यवस्था की दृष्टि से जिले की संपूर्ण राजस्व सीमा क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अंतर्गत निम्न प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं।
जारी आदेशानुसार आपत्तिजनक संदेश, फोटो, विडियो एवं ऑडियो जिससे आमजन की भावना आहत हो एवं किसी संप्रदाय विशेष की भावना उद्वेलित हो ऐसी पोस्ट को सोशल मीडिया यथा फेसबुक, व्हाट्सएप, द्वीटर (एक्स), इंस्टाग्राम, टेलीग्राम पर कोई भी यूजर रीपोस्ट, शेयर, फॉरवर्ड, लाईक कर प्रसारित न करेंगे। व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन तथा ग्रुप से जुड़े युजर धार्मिक भावना भड़काने वाले पोस्ट को प्रसारित न करेंगे एवं ग्रुप के यूजर को ऐसा करने से रोकेंगे। ग्रुप एडमिन व्हाटसएप, फेसबुक एवं अन्य बनाये गये ग्रुप का मुखिया होता है. यदि उसके ग्रुप के कोई भी सदस्य आपत्तिजनक सामग्री पहुँचाने वाला अथवा संदेश, फोटो, विडियो ग्रुप में शेयर करता है, तो ग्रुप एडमिन की जवाबदारी होगी। सोशल मीडिया पर आये संदेश कई बार षड्यंत्र के तहत भेजे जाते है, इन पर कोई भी प्रतिक्रिया देने के पूर्व इनकी सत्यता की जाँच करने का प्रयास करें। किसी भी अफवाह एवं भ्रामक सूचनाओं की पोस्ट को प्रसारित न करे।
जिले में किसी भी प्रकार का जुलूस, धरना, प्रदर्शन आदि बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के आयोजित नहीं होंगे, ऐसे आयोजनों में मध्यप्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम 1985 के निर्देशों के अनुरूप ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही आपात स्थिति में आम नागरिकों को खाद्यान एवं अन्य आवश्यक सामग्री की पूर्ति बनाये रखने के लिए जिले के थोक एवं फुटकर व्यापारी या अन्य कोई भी व्यक्ति खाद्यान एवं अन्य आवश्यक सामग्री का अनावश्यक भण्डारण नहीं करेंगे। जिससे कृत्रिम कमी उत्पन्न हो।
जिले के होटल, लॉज, धर्मशाला, पेईंग गेस्ट, होस्टलों आदि में बाहर से आकर रूकने वाले व्यक्तियों को पूर्व प्रमाणित पहचान पत्र के पश्चात ही सही व्यक्ति की संतुष्टि होने पर ही उसे ठहरने की अनुमति देना होगी। जिसका सम्पूर्ण विवरण के साथ उसकी सूचना संबंधित थाने को उसी दिन मालिक को देना होगी। प्रत्येक मकान मालिक एवं किसी घरेलू सहायक व्यक्ति के स्वामी के लिये यह आवश्यक होगा कि उसके मकान में किराये से रह रहें व्यक्तियों के बारे में तथा जब भी नये किरायेदार को मकान किराये पर दें अथवा ऐसा कोई नया घरेलू सहायक रखे, तब उसकी सूचना संबंधित थाने में अनिवार्य रूप से देना होगी।
उक्त आदेश आगामी 2 माह की अवधि तक प्रभावशील रहेगा,
इस अवधि में आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत दंडात्मक कार्यवाही कीजाएगी।







