संवाददाता आगर मालवाः गोवर्धन कुम्भकार।
वन स्टॉप सेंटर आगर व ग्राम मालीखेड़ी में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित हुआ।
आगर-मालवाः 15 मई/ मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्री रवीद्र सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में जिले में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 14 मई को वन स्टॉप सेंटर आगर तथा 15 मई को ग्राम मालीखेड़ी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन जिला प्राधिकरण द्वारा किया गया।
वन स्टॉप सेंटर में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी आगर श्रीमती मोनिका यादव ने वन स्टॉप सेंटर में उपस्थित महिलाओं को घरेलू हिंसा अधिनियम एवं मध्य प्रदेश पीड़ित प्रतिकर योजना 2015 के प्रावधानों की जानकारी दी। ग्राम माली खेड़ी में आयोजित शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी आगर सुश्री प्रियंका चौहान ने ग्रामीणों को निशुल्क विधिक सहायता योजना एवं नालसा की एसिड अटैक पीड़ितो को विधिक सेवा योजना की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी फारूक अहमद सिद्दीकी के द्वारा भी जिला प्राधिकरण द्वारा संचालित लोक अदालत, निःशुल्क टोल फ्री नंबर 1500 नम्बर की जानकारी दी गई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत मालीखेड़ी के सचिव एवं सरपंच सहित ग्रामीणजन उपस्थित थे।







