ब्यूरो ऊखीमठः लक्ष्मण सिंह नेगी।
ऊखीमठः तहसील मुख्यालय सहित सीमान्त क्षेत्रो में लम्बे समय से अघोषित विधुत कटौती की समस्या बनी हुई है। सम्पूर्ण केदार घाटी सहित आसपास के इलाको मेें बिजली गुल होना आम बात बनी हुई है। सीमान्त क्षेत्रो में कई घन्टों तक बिजली के गुल होने का खामियाजा सीमान्त गांवों के ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है। अघोषित विधुत कटौती से भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दी ओकारेश्वर मन्दिर में शाम – सुबह होने वाले वेदपाठ, नौनिहालों का पठन – पाठन के साथ विधुत व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों का कामकाज खासा प्रभावित हो रहा है। इन दिनों विकासखंड मुख्यालय में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया गतिमान होने के बाद भी अघोषित विधुत कटौती होने का खामियाजा विभिन्न पदों पर दावेदारी करने वाले प्रत्याशियों को भुगतना पड़ रहा है। सीमान्त गांवो के ग्रामीण मीलो दूरी तय कर सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में अपने निजी कार्य करने के उद्देश्य से तहसील व विकासखंड मुख्यालय तो पहुंचते है मगर घन्टो बिजली गुल होने से उन्हें वैरंग लौटना पड़ता है। क्षेत्र में लम्बे समय से अघोषित विधुत कटौती होने के कारण उपभोक्ताओं मेें ऊर्जा निगम के खिलाफ खासा आक्रोश बना हुआ है जो कि कभी भी सड़को पर फूट सकता है। उपभोक्ताओ का कहना है कि ऊर्जा निगम की लापरवाही के कारण क्षेत्र में लम्बे समय से अघोषित विधुत कटौती की समस्या बनी हुई है । जानकारी देते हुए कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश महामंत्री आनन्द सिंह रावत ने बताया कि ऊखीमठ सहित आसपास के इलाकों मेें हर घन्टे में विधुत कटौती होना आम बात हो गयी है। उनका कहना है कि केदार घाटी मेें 25 मेगावाट की तीन लघु जल विधुत परियोजनाओ मेें विधुत उत्पादन निरन्तर होने के बाद भी विधुत कटौती होना स्थानीय उपभोक्ताओं के साथ सरासर धोखा होने के साथ ऊर्जा निगम की लापरवाही साफ उजागर होती है। स्थानीय व्यापारी नवदीप नेगी ने बताया कि गर्मियो के सीजन मे अघोषित विधुत कटौती होने से व्यापारियो का कारोबार खासा प्रभावित हो रहा है तथा सांय ढलते ही बिजली गुल होना आम बात बनी हुई है। मदमहेश्वर घाटी की सीमान्त ग्राम पंचायत रासी निवासी शिव सिंह रावत ने बताया कि सीमान्त गांवो मे अघोषित विधुत कटौती की समस्या लम्बे समय से बनी हुई है तथा ऊर्जा निगम के अधिकारियो को बार – बार अवगत कराने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। स्थानीय निवासी राय सिंह धर्म्वाण ने बताया कि भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दी स्थल ओकारेश्वर मन्दिर मे वेदपाठ शुरू होते ही बिजली गुल होना महीनो से जारी है। मदमहेश्वर घाटी विकास मंच पूर्व संरक्षक राकेश नेगी ने बताया कि सीमान्त गांवो के ग्रामीण सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयो मेें कई मीलों दूरी तय करने के बाद तहसील मुख्यालय पहुंचते है मगर घन्टों बिजली के गुल रहने से ग्रामीणों को वैरंग लौटना पड़ता है। निवर्तमान प्रधान पाली सरूणा प्रेमलता पन्त ने बताया कि एक तरफ बरसात का सीजन दूसरी तरफ अघोषित विधुत कटौती होने से आपदा पीड़ित दोहरी मार झेलने को विवश बना हुआ है।









