ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
जिलाधिकारी ने की प्रेस वार्ता और कई मुद्दों पर सकारात्मक कार्यवाही का दिया आश्वासन।
अल्मोड़ाः जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों से कई मुद्दों पर संवाद किया।
इस अवसर पर उन्होंने जनपद के सर्वांगीण विकास, सुशासन और जनसुनवाई को अपनी कार्य प्राथमिकताओं में सर्वोपरि बताया। जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों के माध्यम से उठाए गए मुद्दों के प्रति सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रति तीन माह में कम से कम पांच प्रमुख समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ है, जनता से जुड़े मुद्दों को सामने लाने में मीडिया अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से सामने आने वाली समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और समस्याओं का समाधान कर लोगों को सरकारी कार्यक्रमों व योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग तथा उन्हें बढ़ावा दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि अल्मोड़ा अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहर के लिए विख्यात है, ऐसे में पर्यटन क्षेत्र को सशक्त बनाकर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति भी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
प्रेस वार्ता के दौरान मीडिया प्रतिनिधि, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।









