ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा।
(नया अध्याय)
जिले में वादों के निस्तारण के राष्ट्रीय लोक अदालत किया जाएगा आयोजन।
अल्मोड़ाः जनपद अल्मोड़ा के सभी न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित होने जा रही है जिसमें वादों का निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर कराया जा सकता है। वादकारियों व जनता से सुश्री शचि शर्मा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा द्वारा यह अपील की गई है कि जो भी व्यक्ति अपने मामले को राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से 13 दिसंबर2025 को निस्तारण कराना चाहते हैं वे अपना मामला राष्ट्रीय लोक अदालत की तिथि से एक कार्य दिवस पूर्व तक भी संबंधित न्यायालय में स्वयं या अधिवक्ता के माध्यम से आवेदन कर नियत कर सकते हैं।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा यह भी बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में केवल वही वाद नियत काए जाते हैं जिनका निस्तारण सुलह समझौते के आधार पर विधि अनुसार किया जा सकता है तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के विषय में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि यदि न्यायालय में कोर्ट फीस जमा की जा चुकी है एवं वाद का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत में कराया जाता है तो पक्षकार द्वारा जमा की गई कोर्ट फीस पूर्ण रूप से वापस की जाती है। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बताया गया कि निम्न मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत में किया जा सकता है जिनमें फौजदारी शमनीय मामले (जिनमें कानूनी रूप से राजीनामा हो सके), लेबर एवं नियोजन के विवाद, पैसे के लेनदेन के मामले, विवाह से संबंधित पति-पत्नी के विवाद (तलाक के मामले को छोड़कर), दीवाना मामले जैसे-किरायेदारी, धर्मादेश, विनिर्दिष्ट अनुपालन आदि मामले, चैक बाउंस के मामले, मोटर एक्सीडेंट के मुवावजे के मामले, बिजली-पानी के बिलों के मामले (शमनीय), भूमि अधिग्रहण के मामले (जो जिला अदालत में लंबित हों), उपभोक्ता फोरम में लंबित वाद, राजस्व के मामले (जो जिला अदालत में लंबित हैं), मोटर वाहन अधिनियम के के अधीन शमनीय प्रकृति के ट्रैफिक चालान।
उपरोक्त के अलावा ऐसे मामले भी निस्तारित किए जाएंगे जो अभी अदालत में आए भी नहीं हैं जैसे-चैक बाउंस के विवाद, रुपयों के लेनदेन के विवाद, लेबर एवं नियोजन के विवाद, बिजली पानी व फोन के बिलों का विवाद, भरण-पोषण का विवाद, अन्य फौजदारी (शमनीय) एवं दीवानी विवाद।








