ब्यूरो कुमाऊंः दयानन्द कठैत अल्मोड़ा
नया अध्याय
नगर के जोशीखोला व थपलिया क्षेत्र तेंदुए की हलचल बढ़ी, लोगों में दहशत का माहौल।
अल्मोड़ाः अल्मोड़ा नगर के जोशी खोला व थपलिया क्षेत्र में इधर दो-तीन दिनों से तेंदुए की सक्रियता बढ़ने से क्षेत्रवासियों में डर का माहौल बना हुआ है। इस क्षेत्र में तेंदुए को लगातार घूमते हुए देखा गया है,जिसका वीडियो भी लोगों द्वारा बनाया गया है।
इस संबंध में गांधी पार्क वार्ड पार्षद एडवोकेट दीपक कुमार जोशी ने सामाजिक कार्यकर्ता संजय पांडे को जानकारी दी। सूचना मिलते ही संजय पांडे ने वन विभाग के अधिकारियों से तत्काल संपर्क किया तथा प्रभागीय वनाधिकारी से प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त कराने, पुलिस के माध्यम से मुनादी करवाने और तेंदुए को पकड़ने के हेतु पिंजरा लगाए जाने की मांग की है।
प्रभागीय वनाधिकारी दीपक कुमार ने आश्वस्त किया कि रात्रि के समय गश्त की जाएगी तथा स्थिति का आंकलन करने के बाद पिंजरा भी लगाया जाएगा।
इधर पार्षद एडवोकेट दीपक जोशी व सामाजिक कार्यकर्ता संजय पांडे ने संयुक्त रूप से सभी क्षेत्रवासियों से अपील की है कि रात्रि के समय सावधानी बरतें और अति आवश्यक होने पर ही सावधानी पूर्वक घर से निकलें। बच्चों और बुजुर्गो का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग या पुलिस को दें। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जन सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए त्वरित और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।









