संवाददाता कानड़: गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय)
पीने के पानी में कुत्ता मिलने पर राजनीति गरमाई नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि बोले– साजिश की आशंका, जांच होगी; कांग्रेस-भाजपा साथ उतरे, कार्रवाई की मांग।
कानड़: नगर के पचलाना रोड स्थित एक निजी बावड़ी में स्वान (कुत्ते) के गिरने और दो दिनों तक उसी स्रोत से वार्ड में पेयजल सप्लाई होने के मामले ने नगर की राजनीति में तीखी हलचल पैदा कर दी है। घटना सामने आने के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के पार्षदों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
मामले को संज्ञान में लेते हुए आगर एसडीएम मिलिंद ढोके ने स्थल निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी है तथा नपा के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि ने दी सफाई
मंगलवार को नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि बाबूलाल बीजापारी ने कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित कर पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि यह घटना किसी की साजिश भी हो सकती है। बावड़ी के ऊपर सुरक्षा के लिए मेटी (जाली) बांधी गई है तथा चारों ओर लगभग तीन फीट ऊंची पक्की दीवार है। ऐसे में स्वान के स्वतः गिरने की संभावना कम है।
उन्होंने बताया कि संबंधित स्थान पर कर्मचारी भी निगरानी के लिए तैनात रहता है। फिलहाल एहतियात के तौर पर उक्त बावड़ी से संबंधित वार्ड में पानी की सप्लाई बंद कर दी गई है और वैकल्पिक स्रोत से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
वार्ड पार्षद बोले– स्वास्थ्य संबंधी शिकायत नहीं
वार्ड पार्षद रमेश सूर्यवंशी ने कहा कि अब तक उक्त बावड़ी से सप्लाई हुए पानी को पीने के बाद किसी भी नागरिक के स्वास्थ्य बिगड़ने या अन्य प्रकार की शिकायत की जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद वार्ड में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने भी आशंका जताई कि रविवार को किसी के द्वारा जानबूझकर स्वान को बावड़ी में डाला गया हो सकता है और मामले की गहन जांच की जानी चाहिए।
कांग्रेस-भाजपा साथ उतरे, निकाली रैली
इधर मंगलवार को नगर के जनप्रतिनिधियों एवं अन्य नागरिकों ने राजवाड़ा से एक रैली निकालकर नपा अध्यक्ष और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। रैली के दौरान कांग्रेस और भाजपा के नेताओं में पूर्व मंडी अध्यक्ष राजमल सोनी, नपा उपाध्यक्ष राजेश डीलर, भाजपा पार्षद कैलाश परिहार, गोरीशंकर सूर्यवंशी, पार्षद देवकरण बीजापारी, संतोष शर्मा, कैलाश मालवीय ओर अन्य कार्यकर्ता एक मंच पर दिखाई दिए। रेली में आम नागरिकों ने भी भाग लिया।
रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पेयजल स्रोतों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई, ओर नपा अध्यक्ष से इस्तीफा देने की मांग की।
विपक्ष ने कहा– प्रेस वार्ता से जनता को गुमराह किया
विपक्षी दल के नेताओं ने नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि की प्रेस वार्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि बयानबाजी के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।
घटना के बाद नगरवासियों में पेयजल की शुद्धता को लेकर चिंता व्याप्त है। नागरिकों का कहना है कि सभी जल स्रोतों की नियमित जांच, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। इधर प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।







