मीडिया प्रभारीः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय)
देवभूमि एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 से सम्मानित हुए डॉ. नवीन चंद्र जोशी।
हल्द्वानी: एम.आई.ई.टी. कुमाऊँ में आयोजित भव्य समारोह में उत्तराखंड के माननीय उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत द्वारा डॉ. नवीन चंद्र जोशी को देवभूमि एजुकेशन एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान विज्ञान संप्रेषण, कुमाऊँ क्षेत्र में विज्ञान लोकप्रियकरण तथा उनके उल्लेखनीय शोध योगदान के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. जोशी ने विज्ञान को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से निरंतर कार्य किया है। विज्ञान केंद्रों, विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित कार्यशालाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से उन्होंने वैज्ञानिक दृष्टिकोण के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके अब तक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में 55 से अधिक शोध प्रकाशन प्रकाशित हो चुके हैं, जो पर्यावरण विज्ञान, जैव विविधता संरक्षण तथा सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित हैं।
समारोह का आयोजन एम.आई.ई.टी. तथा अमर उजाला के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (UCOST) के महानिदेशक प्रोफेसर दुर्गेश पंत ने डॉ. नवीन चंद्र जोशी को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि डॉ. जोशी द्वारा विज्ञान के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य राज्य में वैज्ञानिक सोच को सुदृढ़ करने में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी डॉ. जोशी अपने शोध एवं विज्ञान लोकप्रियकरण गतिविधियों के माध्यम से उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाते रहेंगे।
कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों के शिक्षाविद्, जनप्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अपने संबोधन में डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड के वैज्ञानिक एवं शिक्षाविद् राज्य को ज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक ले जा रहे हैं। उन्होंने डॉ. नवीन चंद्र जोशी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान का व्यापक प्रसार ही विकसित समाज की आधारशिला है।
डॉ. जोशी ने इस सम्मान को अपने सहयोगियों, विद्यार्थियों एवं वैज्ञानिक समुदाय को समर्पित करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उन्हें भविष्य में और अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ और शिक्षा व शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्वानों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रोफेसर दिवान सिंह रावत, प्रोफेसर नवीन चंद्र लोहनी, प्रोफेसर बी. एस. बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर, अमर उजाला की तारा गुरुरानी, तथा हल्द्वानी नगरपालिका के चेयरमैन गजराज बिष्ट एवं यूकोट के एमेरिटस वैज्ञानिक डॉ. जी सी एस नेगी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।








