सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी।
फरवरी माह में हिमालय हुआ बर्फ विहीन। तापमान में वृद्धि, प्राकृतिक जलस्रोतों के जलस्तर पर भारी गिरावट। अप्रैल, मई और जून में गहरा सकता पेयजल संकट।

ऊखीमठः केदार घाटी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में इस वर्ष फरवरी माह में असामान्य स्थिति देखने को मिल रही है। देश के प्रहरी और आस्था के प्रतीक हिमालय की चोटियाँ, जो सामान्यतः इस समय बर्फ की श्वेत चादर से आच्छादित रहती थीं, इस बार अधिकांश स्थानों पर बर्फ विहीन दिखाई दे रही हैं। मौसम के इस अप्रत्याशित परिवर्तन ने न केवल पर्यावरणविदों, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों, पशुपालकों और आम जनमानस की चिंता भी बढ़ा दी है। फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही पर्वतीय क्षेत्रों में मार्च-अप्रैल जैसी गर्माहट महसूस की जा रही है। दिन के समय तेज धूप और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है। स्थानीय बुजुर्गों का कहना है कि दशकों बाद ऐसा देखने को मिल रहा है जब माघ-फाल्गुन में भी पर्वत शृंखलाएँ सूनी प्रतीत हो रही हैं। बर्फबारी न होने से ऊँचाई वाले बुग्यालों और ढलानों की नमी तेजी से समाप्त हो रही है। हिमालयी क्षेत्रों की जीवनरेखा माने जाने वाले प्राकृतिक धारे, नौले और गदेरे बर्फबारी पर ही निर्भर रहते हैं। इस वर्ष पर्याप्त हिमपात न होने से इनके जलस्रोतों के जलस्तर में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कई स्थानों पर जलधाराएँ पतली पड़ गई हैं तो कुछ मौसमी स्रोत समय से पहले ही सूखने लगे हैं। इससे पेयजल संकट गहराने की आशंका बढ़ गई है।विशेषज्ञों का मानना है कि हिमपात ही गर्मियों में धीरे-धीरे पिघलकर जलस्रोतों को जीवन देता है। यदि यही स्थिति बनी रही तो आगामी महीनों में ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की किल्लत गंभीर रूप ले सकती है। कृषि, बागवानी और पशुपालन पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ना तय माना जा रहा है। पर्वतीय अंचलों में गेहूं, जौ, सरसों, मटर और मसूर जैसी फसलें शीतकालीन नमी पर निर्भर करती हैं। बर्फबारी न होने से भूमि की ऊपरी सतह में नमी का स्तर कम हो गया है, जिससे फसलों की वृद्धि प्रभावित हो रही है। वहीं ऊँचाई वाले क्षेत्रों में घास के मैदानों में भी पर्याप्त नमी नहीं है, जिससे पशुओं के लिए चारे का संकट उत्पन्न हो सकता है।
भेड़-बकरी पालक समुदाय का कहना है कि यदि मार्च-अप्रैल तक वर्षा या हिमपात नहीं हुआ तो ग्रीष्मकालीन प्रवास के दौरान उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
धार्मिक और सांस्कृतिक आयाम ।
हिमालय केवल एक पर्वत शृंखला नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का आधार है। ऋषि-मुनियों की तपोभूमि रहे इस क्षेत्र में बर्फ को पवित्रता और शुद्धता का प्रतीक माना जाता है। जब हिमाच्छादित चोटियाँ समय से पहले बर्फ विहीन हो जाती हैं तो इसे प्रकृति के असंतुलन के संकेत के रूप में भी देखा जाता है। प्रोफेसर डा0 कविता भट्ट शैलपुत्री का मानना है कि प्रकृति के साथ बढ़ते हस्तक्षेप और पर्यावरणीय उपेक्षा का यह परिणाम है।
जलवायु परिवर्तन की चेतावनी
पर्यावरण विशेषज्ञ इसे वैश्विक जलवायु परिवर्तन का प्रत्यक्ष संकेत मान रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में वर्षा चक्र में अनियमितता, हिमपात में कमी और तापमान में वृद्धि की प्रवृत्ति लगातार देखी जा रही है। वैज्ञानिकों के अनुसार यदि औसत तापमान में इसी प्रकार वृद्धि होती रही तो हिमालयी ग्लेशियरों और पारिस्थितिकी तंत्र पर दीर्घकालिक प्रभाव पड़ सकता है।
समाधान की दिशा में पहल आवश्यकता।
कृर्षि विज्ञान केंद्र जाखधार वैज्ञानिक डॉ0 अंशुल का सुझाव है कि जल संरक्षण, वनीकरण और पारंपरिक जलस्रोतों के पुनर्जीवन की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे। वर्षा जल संचयन, जलागम क्षेत्र संरक्षण तथा स्थानीय समुदाय की सहभागिता से ही इस संकट का समाधान संभव है। साथ ही पर्यावरण के प्रति संवेदनशील विकास नीतियों को प्राथमिकता देना समय की मांग है। डा0 निवेदिता का कहना है कि फरवरी माह में हिमालय का बर्फ विहीन होना केवल एक मौसमी घटना नहीं, बल्कि भविष्य के लिए चेतावनी है। यदि समय रहते प्रकृति के संकेतों को नहीं समझा गया तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।








