हरी राम यादव
सूबेदार मेजर (आनरेरी)
(नया अध्याय)
वीरगति दिवस पर विशेष
हवलदार पिंकू कुमार
शौर्य चक्र (मरणोपरांत)
दूसरों की खुशी और उन्नति को देखकर प्रसन्न होना या ना होना, पूर्णतया अपने अपने स्वाभाव पर निर्भर करता है । कम ही लोग होते हैं जो अपने पड़ोसी को उन्नति के मार्ग पर बढ़ता हुआ देखकर आनंदित हों। यह बात हमारे पडोसी देश पाकिस्तान पर अक्षरशः फिट बैठती है। वह अपने जन्मकाल से ही अपने पडोसी देश का दुश्मन बन गया है। वह अब तक 4 युद्ध लड़ चुका है, लेकिन हमेशा मुंह की खाई है। अपनी खीझ मिटाने के लिए वह छद्म युद्ध का सहारा लेकर देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश करता रहता है। वर्ष 2021 में जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में एक ऐसे ही पाकिस्तानी छद्म युद्ध में आतंकवादियों से वीरतापूर्वक मुकाबला करते हुए हवलदार पिंकू कुमार ने वीरता की वह कहानी लिखी, जो कि इतिहास के पन्नों में अमिट है।
जुलाई 2021 के दौरान हवलदार पिंकू कुमार 34 राष्ट्रीय राइफल्स में अपनी यूनिट से प्रतिनियुक्ति पर तैनात थे और 34 राष्ट्रीय राइफल्स जम्मू-कश्मीर के नियंत्रण रेखा के साथ लगते जिले शोपियां में अपनी जिम्मेदारी निभा रही थी । इस क्षेत्र में कई उग्रवादी संगठन सक्रिय थे, इसलिए यूनिट को हमेशा ऑपरेशन के लिए तैयार रहना पड़ता था । विश्वस्त सूत्रों से सेना को वांगम क्षेत्र में उग्रवादियों की उपस्थिति के बारे में सूचना मिली, सूचना के आधार पर 27 मार्च 2021 को संदिग्ध क्षेत्र में आतंकवादियों को खोजने का निर्णय लिया गया । हवलदार पिंकू कुमार इसी खोजी दल का हिस्सा थे।
27 मार्च 2021 की शाम को, हवलदार पिंकू कुमार और उनके साथियों ने योजनानुसार संदिग्ध क्षेत्र में पहुँचकर घेराबंदी शुरू कर दिया। हवलदार पिंकू कुमार इस ऑपरेशन में आंतरिक घेराबंदी के सदस्य थे। हवलदार पिंकू कुमार और उनके साथी सिपाही सुशील राठी आतंकवादियों के भागने के सबसे ज्यादा संभावित रास्ते की निगरानी कर रहे थे। लगभग 2015 बजे दो आतंकवादी एक घर से बाहर निकले और अंधाधुंध गोलीबारी करते हुए और ग्रेनेड फेंकते हुए भागने लगे। हवलदार पिंकू कुमार ने तुरंत अपने स्थान को सामरिक रूप से संयोजित किया और उनकी गोलीबारी का जबाब देने लगे। उन्होंने एक हार्डकोर आतंकवादी को मार गिराया। गोलीबारी के बीच दूसरा आतंकवादी भागकर एक घर की दीवार के पीछे छुप गया।
अपने जीवन की परवाह न करते हुए, हवलदार पिंकू कुमार, छिपे हुए आतंकवादी के करीब पहुंच गए और उसे नजदीकी मुकाबले में घायल कर दिया। इसी बीच सिर पर गोली लगने के कारण वह वीरगति को प्राप्त हो गए। बाद में उनके द्वारा मारे गए पहले आतंकवादी की पहचान हिजबुल मुजाहिदीन के कट्टर आतंकवादी इनायतुल्लाह शेख के रूप में हुई। हवलदार पिंकू कुमार को 26 जनवरी 2022 को मरणोपरांत देश के तीसरे सबसे बड़े सम्मान “शौर्य चक्र” से सम्मानित किया गया, जिसे उनकी पत्नी श्रीमती कविता देवी ने ग्रहण किया।
हवलदार पिंकू कुमार का जन्म 15 जनवरी 1985 को उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत की बडौत तहसील के गांव लुहारी में श्रीमती कमलेश देवी और श्री जबर सिंह डांगी के यहाँ हुआ था| उन्होंने अपनी प्राथमिक स्कूली शिक्षा अपने गांव में स्थित प्राइमरी पाठशाला से पूरी की और इंटरमीडिएट तक की स्कूली शिक्षा खानपुर से पूरी की। 13 सितम्बर 2001 को वह 18 वर्ष की आयु में भारतीय सेना की जाट रेजिमेंट में भर्ती हुए और जाट सेंटर बरेली से अपना प्रशिक्षण पूरा करने के पश्चात 6 जाट बटालियन में तैनात हुए। अपनी यूनिट में लगभग 20 वर्षों की सेवा करने के पश्चात वह प्रतिनियुक्ति पर 34 राष्ट्रीय राइफल्स में पदस्थ हुए।
हवलदार पिंकू कुमार के परिवार में उनके माता पिता, पत्नी श्रीमती कविता देवी, दो बेटियाँ शैली तथा अंजली, बेटा अर्णव और भाई मनोज कुमार हैं। हवलदार पिंकू कुमार की वीरता और बलिदान को अमर बनाने के लिए उनके परिजनों ने ग्रामवासियों के सहयोग से हवलदार पिंकू कुमार की एक प्रतिमा और शौर्य द्वार का निर्माण अपने पैसों से करवाया है। उनके परिजनों का कहना है कि यदि स्थानीय प्रशासन उनके गांव की सड़क और उस विद्यालय का नामकरण जहाँ उन्होंने पढाई की थी, करवा दे तो यह कदम वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत होगा।








