मीडिया प्रभारीः दिनेश भट्ट
(नया अध्याय)
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा में निर्माण अनियमितताओं के खिलाफ उच्च स्तरीय जांच की मांग।
अल्मोड़ाः युवा कांग्रेस नेता गोपाल भट्ट ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय (SSJ) अल्मोड़ा परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों एवं विभिन्न सामग्रियों की खरीद में गंभीर अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय वर्तमान में छात्र हितों की लगातार अनदेखी कर रहा है। समय पर परीक्षाएं नहीं हो रही हैं, परिणाम घोषित नहीं हो रहे, प्रवेश प्रक्रिया में देरी है और नियमित कक्षाएं भी संचालित नहीं हो रही हैं, जबकि ये सभी विश्वविद्यालय की प्राथमिक जिम्मेदारियां हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा लगातार गलत व्यक्तियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जिससे व्यवस्था और अधिक खराब हो रही है।
गोपाल भट्ट ने कहा कि परिसर में लाखों रुपये के निर्माण कार्य बिना निर्धारित वित्तीय एवं प्रशासनिक नियमों के किए जा रहे हैं। कई कार्य बिना किसी सार्वजनिक निविदा (टेंडर) प्रक्रिया के सीधे चुनिंदा लोगों को दिए जा रहे हैं, जिससे पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता अत्यंत निम्न स्तर की है और कई स्थानों पर लीपापोती कर वास्तविक स्थिति को छुपाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारी सरकारी धन केऊ दुरुपयोग में संलिप्त प्रतीत हो रहे हैं।
गोपाल भट्ट ने संबंधित उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जांच पूर्ण होने तक सभी निर्माण कार्यों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। उन्होंने दोषी अधिकारियों एवं संबंधित व्यक्तियों को पदों से हटाते हुए कठोर एवं त्वरित कार्रवाई की भी मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस गंभीर मामले में कार्रवाई नहीं की गई, तो जनहित एवं छात्र हित में अप्रैल माह से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।








