सुश्री सरोज कंसारी
कवयित्री/ लेखिका/ शिक्षिका
अध्यक्ष – दुर्गा समिति
गोबरा नवापारा/राजिम
रायपुर (छ.ग.)
(नया अध्याय, देहरादून)
लेख –
“जीवन से मुँह मत मोड़ो, बल्कि इसके भँवर में इस तरह कूदो कि तुम्हारी हर धड़कन एक नई रफ़्तार बन जाए।”
– सुश्री सरोज कंसारी
_________________________________________
हमें जीवन की चुनौतियों से भागना नहीं चाहिए, बल्कि उन्हें अपनाना चाहिए और उनमें पूरी तरह से डूब जाना चाहिए। जब हम ऐसा करते हैं, तो हमारी प्रत्येक श्वास और हर धड़कन एक नई ऊर्जा और गति से भर जाती है। जीवन में गति ही गंतव्य है। हमें बस आगे बढ़ते रहना है, चाहे परिस्थितियाँ कैसी भी हों।
जीवन से भागना कायरता है, और जीवन के लिए भागना संघर्ष। पर, जीवन में, भागना एक साधना है—जहाँ गति ही आपका गंतव्य बन जाती है। किनारों की सुरक्षा खोजकर तुम लहरों से बच तो सकते हो, पर समंदर को जी नहीं सकते। पलायन अंत है, और प्रवेग ही आरंभ। जब तुम परिस्थितियों से दूर भागते हो, तो तुम मिटने लगते हो; पर जब तुम जीवन के खेल में पूरे वेग से दौड़ते हो, तो तुम निखरने लगते हो।
मनुष्य जीवन की सार्थकता शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक संतुलन में निहित है। जीवन की चुनौतियों और सांसारिक व्यथाओं के बीच अक्सर हम अपना धैर्य खो देते हैं, जिससे मार्ग कठिन लगने लगता है। किंतु, यदि हम मन को सरल और शांत रखकर अपने कर्म के प्रति ईमानदार रहें, तो हर दुविधा का समाधान संभव है।
निष्काम कर्म और सकारात्मक विचार ही आत्मशुद्धि का मार्ग प्रशस्त करते हैं। अपनी जिज्ञासा को जीवित रखें और रिश्तों में मधुरता व वफादारी बनाए रखें। याद रखें, दूसरों का साथ देते हुए स्वयं को बिखरने न दें। जब तन और मन स्वस्थ होते हैं, तो असंभव भी संभव हो जाता है। साहस के साथ हर मोड़ पर पूरे जोश से आगे बढ़ें।
हँसते हुए ये पल जी लो, अतीत को साथ लेकर नहीं चलना है। आज में जीना है, आज ही हमारे साथ है। जीवन छोटा और अनमोल है, पर इसे जीने की समझ हर मनुष्य को नहीं होती, इसलिए हर क्षण को खुशी से भर लो। जिज्ञासा के साथ जीना, अनिश्चित कल को छोड़कर, वर्तमान के प्रति उत्सुक रहना ही जीवन की सार्थकता का मूल है।
हँसी आत्मा का प्रकाश है, जो हताशा के गहन अंधकार और भय की छायाओं को सहजता से मिटा देती है, और जीवन के हर पल में एक नई चमक भर देती है, जो हमें जीने की वजह देती है। और उस चमक में हम खुद को पहचानते हैं, अपनी ताकत को महसूस करते हैं, और जीवन के हर मोड़ पर आगे बढ़ने का साहस पाते हैं।
सफल जीवन का आधार ‘संतुलन’ है। कर्तव्य पथ पर चलते हुए सजग और उत्साहित रहना अनिवार्य है। जब भी समस्याएँ आपको थकाने लगें, तो हार मानने के बजाय शांत चित्त से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें। चिंता को छोड़कर कठिन परिश्रम पर ध्यान दें, क्योंकि सक्रियता ही जीवन को गति देती है।
अपने भीतर विचारों की सकारात्मक क्रांति लाएँ। अपनों से जुड़ाव रखें, सहयोगी बनें और रिश्तों को सहृदय निभाएँ। लेकिन अपनी गरिमा और मानसिक शांति का भी ध्यान रखें। समस्याओं से भागें नहीं, उनका सामना करें; यही अनुभव आपको जीने के नए विकल्प देंगे। उम्र चाहे जो भी हो, अपने भीतर के साहस और जोश को कभी कम न होने दें।
संसार को अपनी अच्छाई का प्रदर्शन नहीं करना है, चुपचाप अपने सदकर्म में लगे रहना है। आज का समाज संवेदनहीन है, लोगों का भला जितना करोगे, उतना ही बुरा बनते जाओगे…क्योंकि यहाँ कृतज्ञता की जगह आलोचना ही मिलती है।
__________________________________________







