संवाददाता कानड़: गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय)
मधुमक्खियों से सुरक्षा हेतु समस्त विभागों को निर्देश जारी :- कलेक्टर।
आगर-मालवा :कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री आर. पी. वर्मा द्वारा जिले के समस्त विभागीय अधिकारियों को मधुमक्खियों से सुरक्षा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि 10 अप्रैल 2026 को सोयतकलां स्थित विवेकानंद विद्यालय के कक्षा 4 के छात्र रमन कराड़ा (आयु 9 वर्ष) की मधुमक्खियों के काटने से असामयिक मृत्यु हो गई थी।
उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक एवं विद्यालय प्राचार्य की लापरवाही पर पृथक से कार्यवाही की जा रही है।
जारी निर्देशों के अनुसार वन मण्डलाधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व एवं वन), जिला अधिकारी, तहसीलदार/नायब तहसीलदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों एवं परिसरों का निरीक्षण कर मधुमक्खियों के छत्तों को तत्काल हटवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही समस्त कार्यालयों एवं परिसरों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, कूड़ा-करकट हटाने एवं झाड़ियों की कटाई कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि सर्प एवं अन्य जहरीले जीवों के पनपने की संभावना समाप्त हो सके अपर कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सभी अधिकारी सतर्कता बरतें।
किसी भी प्रकार की घटना होने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित कर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।







