सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय)
द्वितीय केदार मद्महेश्वर व तृतीय केदार तुंगनाथ धामो के कपाट खुलने की तिथि वैशाखी पर्व पर होगी घोषित।

ऊखीमठ: द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर व तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट खुलने की तिथि एवं चल विग्रह उत्सव डोलियो शीतकालीन गद्दी स्थलो से कैलाश प्रस्थान का शुभ मुहूर्त कल वैसाखी पर्व के पावन अवसर पर शीतकालीन गद्दी स्थलो में पंचांग गणना के अनुसार घोषित किया जाएगा। धार्मिक परम्पराओं के अनुसार, हर वर्ष वैसाखी के दिन विद्वान आचार्यों एवं तीर्थ पुरोहितों की उपस्थिति में पंचांग का गहन अध्ययन कर कपाट उद्घाटन की तिथियां निर्धारित की जाती है। इस अवसर पर दोनों शीतकालीन गद्दी स्थलो में विशेष पूजा-अर्चना के साथ धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न होंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी भाग लेंगे । जानकारी देते हुए ओंकारेश्वर मन्दिर प्रभारी अधिकारी डी एस भुजवाण ने बताया कि द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर के कपाट खुलने तथा चल विग्रह उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मन्दिर ऊखीमठ से कैलाश रवाना होने की तिथि कल वैसाखी पर्व पर पंचांग गणना के अनुसार मन्दिर समिति के पदाधिकारियों, विद्वान आचार्य व हक – हकूकधारियो की मौजूदगी में घोषित की जायेगी। उन्होंने बताया कि तिथि घोषित होने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। वहीं दूसरी ओर तुंगनाथ धाम के प्रबन्धक बलवीर सिंह नेगी ने बताया कि तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट खुलने व चल विग्रह उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ से धाम रवाना होने की तिथि कल वैसाखी पर्व पर शीतकालीन गद्दी स्थल मक्कूमठ से विद्वान आचार्यों व हक – हकूकधारियो की मौजूदगी में पंचांग गणना के अनुसार घोषित की जायेगी।









