विश्वास एक शांत झील की तरह है, जिसमें गहराई भी है और पावनता भी !

Spread the love

 

सुश्री सरोज कंसारी

कवयित्री/ लेखिका /शिक्षिका

अध्यक्ष: दुर्गा शक्ति समिति

गोबरा नवापारा (राजिम)

रायपुर (छ.ग.)

 

              (नया अध्याय, देहरादून)

 

                           

 

 

 

आलेख –

विश्वास एक शांत झील की तरह है, जिसमें गहराई भी है और पावनता भी !

                    : सुश्री सरोज कंसारी

 

“स्वयं के सुधार और दूसरों के कल्याण के साथ-साथ, जीवन की भागदौड़ के बीच अपनी खुशी और जिंदादिली को बचाए रखना ही असल जीना है।”

——————————————————————–

 

 

ये जीवन का हर दिन एक नया उत्सव होना चाहिए। गलतियां तो इंसान की फितरत हैं, पर असल में वे हमारे अनुभव की सीढ़ी हैं। अपनी अंतरात्मा की पुकार सुनें और स्वयं को निरंतर बेहतर बनाने का प्रयास करें। ‘सर्वे भवंतु सुखिनः’ (सबका भला हो) के भाव के साथ, हर पल कुछ नया सीखने और सिखाने का जज्बा रखें।

 

दिनभर की भागदौड़ और निजी व्यस्तताओं के बीच, कहीं अपना वजूद न भूल जाना। जीवन केवल जिम्मेदारियां निभाना नहीं है; इसमें हंसने-मुस्कुराने, खिलखिलाने और मौज-मस्ती के लिए भी जगह रखें। याद रहे, खुश रहना भी जीवन की एक बड़ी उपलब्धि है।

 

जीवन की सार्थकता केवल सांसें लेने या दिन काटने में नहीं, बल्कि उसे पूरी जीवंतता के साथ अनुभव करने में है। इसे विस्तार देते हुए हम कह सकते हैं: जीवन एक यात्रा है, कोई दौड़ नहीं। जब हम केवल ‘जीने’ के उद्देश्य से जीते हैं, तो हम अक्सर यांत्रिक हो जाते हैं। असली जीवन तब शुरू होता है जब हम हर पल के पीछे छिपे अर्थ को खोजने लगते हैं।

 

विश्वास एक ऐसा शब्द है जो हमारे जीवन को अर्थ और उद्देश्य देता है। यह हमें अपने आप पर और दूसरों पर भरोसा करने की शक्ति देता है। जब हम विश्वास करते हैं, तो हम अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए अधिक सक्षम होते हैं और जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहते हैं।

 

विश्वास की नाजुक डोर से बँधी जिंदगी का सफर सुखद होता है। एक विश्वास ही है जो जिंदगी के पल को सुंदर बनाता है। एक-दूसरे के प्रति हम ईमानदार और स्वार्थ से परे होकर हर रिश्ते में मिठास घोल सकते हैं।

 

अपने साथ जुड़े हर रिश्ते के प्रति विश्वास को आरंभ से अंत तक बनाए रखना जरूरी होता है। विश्वास के मजबूत गठबंधन से हर पल खूबसूरत बनता है। किसी के प्रति विश्वास को हर हाल में बनाए रखना जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।

 

सब कुछ खो जाए तो गम नहीं, लेकिन विश्वास के टूट जाने से जीवन बेरंग, गमगीन, बोझिल और व्यर्थ हो जाता है। विश्वास को तोड़ देना खुद के जीवन की तबाही का द्वार खोलने जैसा है। किसी के असीम विश्वास और भावनाओं को कुचल देना उस व्यक्ति को मृतप्राय कर देने के समान है।

 

विश्वास एक आधार है अपनी शक्ति, सामर्थ्य और हुनर को प्राप्त करने का। विश्वास एक एहसास है जो हमें हिम्मत, सुरक्षा और जीने की वजह देता है। विश्वास से जुड़े प्रेम आत्मा को स्पर्श कर सुकून देते हैं।

 

विश्वास का मार्ग निस्वार्थ भाव से होकर गुजरता है और सीधे दिल में ठहरता है। एक-दूसरे के प्रति अटूट विश्वास हमें जीवन में आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार करता है।

 

जिंदगी एक अनजान सफर है, एक-दूसरे की भावनाओं, सोच और व्यवहार को हम नहीं जानते। समय के साथ हमें अपने से लोग मिलते हैं, जिनके सदव्यवहार और कार्य प्रणाली से अवगत होते हैं। दिलों के तार जुड़ते हैं, आपसी विचारों के आदान-प्रदान से आत्मीयता के भाव निर्मित होते हैं।

 

विश्वास में पराए को भी अपना बना लेने की अद्भुत शक्ति होती है, वहीं विश्वासघात से सब कुछ तबाह कर देने की क्षमता भी आती है। जहां विश्वास आत्मा की शुद्ध अवस्था में होता है, वहां त्याग और समर्पण के भाव स्वमेव उत्पन्न होते हैं।

 

विश्वास की भावना मन में आपसी स्नेह, करुणा, दया, क्षमा और अपनेपन का संचार करती है। विश्वास के भाव से हर कठिन कार्य सरल होते हैं। विश्वास की डोर बांधकर हम हर परिस्थिति में सामंजस्य बनाने की कला सीखते हैं।

 

विश्वास करके हम जीवन के प्रति नजरिया बना पाते हैं। जहां छल, कपट, बैर, ईर्ष्या और षड्यंत्र का समावेश होता है, वहां विश्वास टूट ही जाता है। हर रिश्ते का जीवन में अपना अलग महत्व होता है, हर किसी के प्रति वफादार रहना सबसे प्रथम कर्तव्य है।

 

विश्वास का भाव हमें आंतरिक मजबूती प्रदान करता है। एक-दूसरे के प्रति भरोसा कायम रखकर ही हम विपरीत परिस्थिति में भी मानसिक संतुलन बनाए रख सकते हैं। जिस विश्वास को पाने में वर्षों लग जाते हैं, उसे अपनी किसी स्वार्थ की वजह से तोड़ देना अपनी जीवन के हर पल के सुकून को खो देने जैसा होता है।

 

विश्वास देना और पा लेना जीवन में बहुत महत्वपूर्ण होता है। रिश्तों में मधुर संबंधों की महत्वपूर्ण कड़ी विश्वास है। विश्वास मनोभावों की अभिव्यक्ति का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिससे हम एक-दूसरे से अपने विचार साझा कर आत्मीय संबंध बना पाते हैं।

 

विश्वास से सहयोग, आत्मीयता, सकारात्मक भाव और स्वस्थ मानसिकता के विकास में विश्वास का महत्वपूर्ण स्थान होता है। हर उलझन का हल विश्वास से मिलता है। विश्वास एक नाजुक किंतु जीवन की सबसे खूबसूरत भावना है, जहां संदेह से परे सब कुछ सत्य प्रतीत होता है।

 

जिसमें आस्था, समर्पण और एक-दूसरे के प्रति असीम आत्मीयता होती है, जहां कोई छल-कपट और षड्यंत्र नहीं, बस सुखद एहसास का स्पर्श होता है। विश्वास का भाव जागृत हो जाने पर हम एक-दूसरे के प्रति प्रेम से पूर्ण हो जाते हैं। मन सरल और निस्वार्थ होता है।

 

जिन पर विश्वास दिल की गहराई से होता है, वो हमारी सबसे बड़ी ताकत बन जाते हैं। किसी के साथ पूर्ण विश्वास से जुड़ पाना आज के इस माहौल में कठिन है, क्योंकि दौड़ती-भागती जिंदगी में सभी अपनी जिंदगी जीने में अस्त-व्यस्त होते हैं।

 

हर किसी की सोच, शौक और जीने का तरीका अलग है। किसके दिल में भयंकर तूफान दर्द का चल रहा या कौन शांत, निर्मल है, हम नहीं जानते? पर विश्वास की वजह से ही इस सांसारिक जीवन में अपनों के अलावा विभिन्न रिश्ते-नाते में बंध जाते हैं, जहां हम स्नेह, दुलार और प्रेम पाकर हर दर्द भूल जाते हैं।

 

किसी पर विश्वास करके हम समझ पाते हैं कि दुनिया की इस भीड़ में कोई साथ है, जिनसे हम बिना किसी भय और संकोच के अपनी भावनाएं व्यक्त कर सकते हैं। विश्वास का ही परिणाम होता है कि हम अनावश्यक भटकाव से बचते हैं। आत्मा की पवित्रता और विश्वास की गहराई ही इंसान को महान बनाती है।

 

विश्वास एक शांत झील की तरह है, जिसमें आत्मा की गहराइयों को देखा जा सकता है। इसे शुद्ध और निर्मल रखना हमारा धर्म है, ताकि जीवन की हर लहर में हमारा अस्तित्व निखर सके। अपनी क्षमता पर संदेह करना छोड़िए और अपने सपनों की ओर कदम बढ़ाइए।

 

जीवन की है यही इक आस,

               जगा हृदय में अटूट विश्वास।

                राहें कठिन मिलेंगी तुझको,

                पर तू रखना खुद पर ही आस।

                दुनिया तुझको बहुत समझाएगी,

                हर कदम पर नया पाठ पढ़ाएगी।

                  कोई कहेगा ‘रुक जा अब तू’,

                 कोई डराकर कदम डगमगाएगी।

                   पर तू अपनी धुन में बढ़ते जाना,

                     दुनिया की बातों में न आना।

                      जो खुद पर विश्वास रखते हैं,

                       वही रचते हैं नया जमाना।

___________________________________________

 

 

  • Related Posts

    महिला आरक्षण “इंतजार का लोकतंत्र” या फिर एक जुमला?

    Spread the love

    Spread the love  सम्पादक भोपालः राजेन्द्र सिंह जादौन                            (नया अध्याय, देहरादून)     महिला आरक्षण “इंतजार का…

    एसपी ने जनता दर्शन में सुनीं फरियादियों की समस्याएं

    Spread the love

    Spread the love  संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह                             (नया अध्याय)     एसपी ने जनता दर्शन…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You Missed

    महिला आरक्षण “इंतजार का लोकतंत्र” या फिर एक जुमला?

    • By User
    • April 17, 2026
    • 12 views
    महिला आरक्षण “इंतजार का लोकतंत्र” या फिर एक जुमला?

    एसपी ने जनता दर्शन में सुनीं फरियादियों की समस्याएं

    • By User
    • April 17, 2026
    • 5 views
    एसपी ने जनता दर्शन में सुनीं फरियादियों की समस्याएं

    आगर मालवा पुलिस ने क्रिकेट आईपीएल सट्टा संचालित गिरोह का पर्दाफाश किया गया।

    • By User
    • April 17, 2026
    • 13 views
    आगर मालवा पुलिस ने क्रिकेट आईपीएल सट्टा संचालित गिरोह का पर्दाफाश किया गया।

    एसपी ने साप्ताहिक परेड की ली सलामी, पुलिसकर्मियों को फिट रहने के दिए निर्देश।

    • By User
    • April 17, 2026
    • 6 views
    एसपी ने साप्ताहिक परेड की ली सलामी, पुलिसकर्मियों को फिट रहने के दिए निर्देश।

    गीत  (जहरीली हवा)

    • By User
    • April 17, 2026
    • 7 views
    गीत  (जहरीली हवा)

    स्वर्णिम उपलब्धि: बाल भारती पब्लिक स्कूल, सीपत ने रचा सफलता का नया इतिहास

    • By User
    • April 17, 2026
    • 18 views
    स्वर्णिम उपलब्धि: बाल भारती पब्लिक स्कूल, सीपत ने रचा सफलता का नया इतिहास