संवाददाता आगर-मालवा: गोवर्धन कुम्भकार
(नया अध्याय, देहरादून)
कलेक्टर ने की स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली….प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित करें- कलेक्टर श्रीमती यादव।
आगर-मालवा: कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विद्यालयों में नामांकन, ट्रांजिशन दर, बोर्ड परीक्षा परिणाम, छात्रवृत्ति वितरण, आधार अपडेशन, निर्माण कार्यों सहित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में कलेक्टर ने शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में नामांकन एवं ट्रांजिशन दर बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए तथा ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को पुनः शिक्षा से जोड़ा जाए।
कलेक्टर ने कमजोर परीक्षा परिणाम देने वाले हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों की समीक्षा की। हाई स्कूल खजूरी बड़ौद, भंडावद एवं बिजनगरी सहित अन्य कमजोर परिणाम वाले विद्यालयों के प्राचार्यों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कमजोर परिणाम वाले स्कूलों की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बालिका शौचालय एवं अतिरिक्त प्रयोगशाला निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित निर्माण एजेंसियों को शत-प्रतिशत कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में संचालित समस्त निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
कलेक्टर ने लैपटॉप वितरण, पाठ्यपुस्तक वितरण, साइकिल वितरण एवं छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने लंबित छात्रवृत्ति प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर शत-प्रतिशत स्वीकृति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों के आधार अपडेशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संकुल एवं बीआरसी स्तर पर आधार कैंप आयोजित नहीं किए जाने पर समस्त बीआरसी को सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही पुनः विशेष आधार कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिये। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को सभी योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री सौरभ जैन, जिला परियोजना समन्वयक श्री एमके जाटव, सहायक परियोजना समन्वयक श्री दिनेश कुंभकार, श्री रजनीश स्वर्णकार श्री गंगाराम मेवाड़ा, श्री मंगलेश सोनी, बीईओ, बीआरसी और संकुल प्राचार्य उपस्थित थे।







