संवाददाता कन्नौज (उ. प्र.): दीप सिंह
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ, योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने की अपील।
छिबरामऊ (कन्नौज): केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘समेकित जन कल्याण एवं जन जागरूकता अभियान’ के अंतर्गत विकास खंड सभागार में रविवार को तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ हुआ। 14 से 16 जून तक आयोजित होने वाले इस शिविर में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। मेले के पहले दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री अर्चना पांडेय ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और उनका लाभ उठाने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख सुषमा बादाम पाल ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए चलाई जा रही हैं। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य जांच कराने और विभागीय स्टॉलों पर जाकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का आह्वान किया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, ग्रामीण विकास विभाग सहित कई विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। स्वास्थ्य मेले में चिकित्सकों की टीम द्वारा जांच कर आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।







