मीडिया प्रभारी अल्मोड़ाः दिनेश भट्ट

(नया अध्याय)
युवा कांग्रेस ने एडीएम अल्मोड़ा को सौंपा ज्ञापन।
अल्मोड़ाः आज युवा कांग्रेस ने एडीएम अल्मोड़ा को सौंपा ज्ञापन, 21 जुलाई की घटना की निष्पक्ष जांच की मांग साथ ही adm अल्मोड़ा के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं कुमाऊं आयुक्त को भी भेजा ज्ञापन
अल्मोड़ा, 6 जुलाईः युवा कांग्रेस, जनपद अल्मोड़ा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आज अपर जिलाधिकारी (एडीएम) अल्मोड़ा को एक ज्ञापन सौंपकर दिनांक 21 जुलाई 2026 को माननीय मुख्यमंत्री के दन्या कार्यक्रम के दौरान हुई घटना की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कराए जाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि युवा कांग्रेस हमेशा से युवाओं, छात्रों एवं आमजन से जुड़े जनहित के मुद्दों को लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक माध्यमों से उठाती रही है तथा संगठन का उद्देश्य कभी भी कानून-व्यवस्था या शांति व्यवस्था को प्रभावित करना नहीं रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि एक ही विरोध-प्रदर्शन की घटना के संबंध में परगना मजिस्ट्रेट रानीखेत के न्यायालय में फ़ौजदारी संख्या 18/2026 तथा परगना मजिस्ट्रेट जैंती-भनोली के न्यायालय में फ़ौजदारी विविध संख्या 25/2026 के रूप में दो पृथक कार्यवाहियां प्रारंभ की गई हैं। संगठन ने मांग की कि यह जांच की जाए कि समान तथ्यों एवं एक ही घटना के संबंध में दो अलग-अलग न्यायालयों में समानांतर कार्यवाही प्रारंभ करने का विधिक आधार क्या है तथा क्षेत्राधिकार का निर्धारण किस आधार पर किया गया।
ज्ञापन में यह भी अनुरोध किया गया कि संबंधित व्यक्तियों को स्थानीय सक्षम परगना मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत करने के बजाय अन्य उपमंडल में प्रस्तुत किए जाने के कारणों, घटना के समय संबंधित अधिकारियों की वीआईपी ड्यूटी, उनके अधिकार क्षेत्र तथा उस अवधि में उपलब्ध प्रशासनिक व्यवस्था का भी निष्पक्ष परीक्षण कराया जाए।
युवा कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में यह भी कहा कि भविष्य में शांति भंग की आशंका के आधार पर की गई कार्यवाही का भी वस्तुनिष्ठ परीक्षण किया जाना चाहिए तथा यह देखा जाना चाहिए कि क्या समस्त प्रक्रिया विधि, प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों और निर्धारित कानूनी प्रावधानों के अनुरूप अपनाई गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी अधिकारी या कर्मचारी पर व्यक्तिगत आरोप लगाना नहीं है, बल्कि उपलब्ध अभिलेखों एवं तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कराकर सत्य स्थिति स्पष्ट करना है। संगठन ने कहा कि यदि जांच में प्रक्रिया संबंधी त्रुटि, क्षेत्राधिकार से जुड़ी कमी अथवा किसी प्रकार की विधिक या प्रशासनिक अनियमितता पाई जाती है तो उसके संबंध में विधिसम्मत कार्यवाही की जानी चाहिए।
युवा कांग्रेस ने अपेक्षा व्यक्त की कि प्रशासन इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करेगा, जिससे कानून के शासन, प्रशासनिक पारदर्शिता तथा आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।
जिसमें जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस विक्रम सिंह फर्त्याल नगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस गौरव जोशी छात्रसंघ कोषाध्यक्ष विनय कनवाल युवा कांग्रेस कार्यकर्ता अमन लटवाल आदि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रतिनिमंडल मौजूद रहा।









