संजय सोंधी
(संयुक्त निदेशक)
शिक्षा निदेशालय, दिल्ली सरकार
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
योग का परम ज्ञान: जब शवासन बना ‘कुंभकरण आसन’ और मैडम जी सोती ही रह गईं!
आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग सेहत सुधारने और मानसिक शांति पाने के लिए क्या कुछ नहीं करते। योग की शरण में जाना तो जैसे अब हर दूसरे व्यक्ति का नया साल का संकल्प बन चुका है। लेकिन जरा सोचिए, अगर योग करते-करते आपको शांति के साथ-साथ ऐसी निद्रा प्राप्त हो जाए कि उठने का नाम ही न लें, तो इसे योग की सफलता कहेंगे या फिर कुंभकरण का पुनर्जन्म? हाल ही में सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही बेहद गुदगुदाने वाला और वास्तविक वीडियो वायरल हुआ, जिसने इंटरनेट की जनता को हंसते-हंसते लोटपोट कर दिया है। ‘आद्यायोग’ (AadyaYog) नाम के सोशल मीडिया पेज से शेयर किए गए इस वीडियो ने यह साबित कर दिया कि योग में वास्तव में बहुत ताकत है, इतनी ताकत कि यह इंसान को सीधे मोक्ष जैसी नींद की गोद में सुला सकता है।
हुआ कुछ यूं कि एक महिला इंस्ट्रक्टर जूम या किसी अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी ऑनलाइन योग क्लास ले रही थीं। क्लास में कई उत्साही लोग जुड़े हुए थे, जो अपने-अपने घरों के ड्राइंग रूम या बेडरूम में चटाई बिछाकर अनुलोम-विलोम और कपालभाति कर रहे थे। योग सत्र का अंतिम और सबसे पसंदीदा दौर आया, जिसे हम सब ‘शवासन’ के नाम से जानते हैं। जैसा कि नाम से ही ज़ाहिर है, शवासन में इंसान को शव यानी लाश की तरह शांत और निश्चल होकर लेटना होता है ताकि शरीर को पूर्ण विश्राम मिल सके। सभी प्रतिभागियों ने पूरी लगन के साथ चटाई पर अपने नश्वर शरीर को ढीला छोड़ दिया। क्लास खत्म हुई और इंस्ट्रक्टर मैडम ने मीठी आवाज़ में सभी को शवासन से बाहर आने, धीरे-धीरे उंगलियों को हिलाने और उठकर बैठने का निर्देश दिया।
बाकी सारे आज्ञाकारी शिष्य तो उठकर बैठ गए, लेकिन एक मोहतरमा ऐसी थीं जिन्होंने शवासन को कुछ ज्यादा ही गंभीरता से ले लिया। वह ऐसी गहरी और कुंभकर्णी नींद में चली गईं कि उन्हें दुनिया-जहान का कोई होश ही नहीं रहा। इंस्ट्रक्टर मैडम कैमरे में देख-देखकर लगातार चिल्लाती रहीं— “हेलो! सुनिए, उठ जाइए, क्लास खत्म हो चुकी है!” लेकिन उधर से केवल शांति का सन्नाटा ही आ रहा था। मैडम की आवाज

स्क्रीन के इस पार से उस पार गूंजती रही, पर योग की इस महान साधिका का ध्यान भंग करने में ब्रह्मा, विष्णु, महेश भी शायद असफल हो जाते। महिला तो मानों शवासन के उस परम ज्ञान को प्राप्त कर चुकी थीं, जहां से वापस लौटना साधारण इंसानों के बस की बात नहीं होती।
वीडियो के साथ लिखा गया कैप्शन भी अपने आप में एक बड़ा दार्शनिक सत्य बयां कर रहा था— “शवासन एक ऐसा आसन है जिससे बाहर आना सबसे कठिन होता है जब यह ज्यादा रिलैक्स कर दे।” देखा जाए तो आजकल की तनावभरी जिंदगी में जहां लोग सोने के लिए नींद की गोलियां खाते हैं, वहां आद्यायोग की इस ऑनलाइन क्लास ने बिना किसी दवा के मुफ्त में ऐसी गहरी नींद का इलाज ढूंढ निकाला। अब तो लोग कह रहे हैं कि योग गुरुओं को ‘शवासन’ के साथ एक नया चेतावनी बोर्ड भी लगा देना चाहिए कि ‘कृपया अलार्म लगाकर ही यह आसन करें, अन्यथा अगली क्लास तक सोने की जिम्मेदारी आपकी अपनी होगी!’







