राजकुमार कुम्भज, इन्दौर
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड)
दिल्ली दृश्य
_______________
दिल्ली के ताजा विरोध-प्रदर्शन ने भाषा और संस्कार-संस्कृति के सभी तटबंध ध्वस्त कर दिए हैं, हैरानी होना स्वाभाविक है
ऐसा स्वीकार कर लिया गया है कि ये नयी पीढ़ी निहायत ही नालायक और बिगड़ैल है।
जिस तरह के कागजात (पोस्टर, स्टिकर्स, टैटूज) अँग-प्रदर्शन सहित, वहाँ उदारतापूर्वक दोहराये गये, वे अश्लील, बेहूदा और शर्मनाक कहे जाने की श्रेणी में शुमार किये जाते रहे हैं
नये जमाने की नयी हवाऍं चल रही हैं। नई पीढ़ी के नये संस्कार सामने आ रहे हैं। हर्ज करने वालों का फर्ज बनता है कि वे अपना हर्ज अवश्य ही दर्ज करवाएँ।
भाषाएँ और परिभाषाएँ अपने-अपने अंदाज में अपने-अपने परिधान बदल रही हैं। बदलाव रोकना या रोक पाना असंभव है।
आजकल की पीढ़ी के चाल-चलन को अनायास ही वाहियात, बद-जुबान और कुसंस्कार कहकर खारिज कर देने से वह ठहरने वाला नहीं है।
पलभर में सूचना-संपन्न हो रहे बच्चों की नजरों से आज के अखबार और टीवी अपनी जगह ठीक नहीं रह गये हैं। वहाँ बासी चीजें बेची जा रही हैं, जिसमें उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है, बल्कि एक खास तरह की वितृष्णा भी है।
पिछले डेढ़-दो दशक में देश-दुनिया ने बेहद ही अविश्वसनीय राजनीतिक, समाजिक, आर्थिक तथा तकनीकी उथल-पुथल देखी है। बहुत संभव है कि संस्थागत संस्कार-संस्कृति को ये विस्फोटक घटनाएँ विस्मयकारी दिखाई दे रही हों, दे सकती हैं।
लेकिन भूलना नहीं चाहिए कि समय पर्याप्त परिवर्तनशील होता है.
कल को आज ने अपदस्थ किया है, आज को कल अपदस्थ कर देगा। जिन्होंने आज बदलाव किया है, वे भी कल बदल दिए जाएँगे।
काल से बड़ा तत्काल होता है.







