मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश चन्द्र भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
कृषि विज्ञान केंद्र मटेला में 35 युवा किसानो को कृषि यंत्रों की मरम्मत का तकनीकी प्रशिक्षण।
अल्मोड़ाः कृषि विभाग अल्मोड़ा द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र, मटेला में आज युवा किसानों को स्वरोजगार से जोड़ने तथा उनकी आजीविका में वृद्धि के उद्देश्य से कृषि एवं घरेलू उपयोग में आने वाले यंत्रों की मरम्मत संबंधी तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के 35 किसानों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पावर वीडर, आटा चक्की सहित अन्य उपयोगी यंत्रों की तकनीकी जानकारी प्रदान करने तथा उनकी सामान्य खराबियों की पहचान, मरम्मत एवं रखरखाव के संबंध में प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य युवाओं को व्यावहारिक तकनीकी कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
इस प्रकार के प्रशिक्षण से ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि यंत्रों की मरम्मत के लिए स्थानीय स्तर पर तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। इससे किसानों एवं ग्रामीणों को छोटी-मोटी खराबियों के लिए दूरस्थ स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा तथा समय और धन की बचत होगी। साथ ही, प्रशिक्षित युवा स्वयं का मरम्मत कार्य शुरू कर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगे।

यह पहल ग्रामीण युवाओं में तकनीकी दक्षता विकसित करने, स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।कार्यक्रम के दौरान मुख्य कृषि अधिकारी, मुख्य उद्यान
अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी आदि मौजूद रहे।






