सुश्री सरोज कंसारी लेखिका एवं कवयित्री नवापारा राजिम रायपुर (छ. ग)
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड (w) 6395080071
अच्छा सोचो, अच्छा होगा (लघुकथा)

किसी चीज की कमी नहीं थी राधिका के पास, सब कुछ था। पर वह मन से कुंठित थी, बहुत सोचती थी। हर वक्त किसी अनजान भय से ग्रसित थी। वह नकारात्मक पूर्वाग्रह से पूरी तरह जकड़ी हुई थी। जो नहीं हुआ, उसके बारे में निरर्थक कल्पना कर लेती थी।
उसके एक बेटा और एक बेटी थी। वह हर बात पर उन्हें रोकती-टोकती, कहीं कुछ हो गया तो, यही भय मन में रहता। वह उन्हें अकेले कहीं जाने नहीं देती। उनके खाने-पीने, सोने-उठने, बैठने, संगति का बहुत ध्यान रखती, उन्हें स्वतंत्र नहीं रहने देती।
एक दिन काम करते हुए अचानक वह गिर पड़ी। हॉस्पिटल ले गए, सब नॉर्मल आया। वह घबरा गई, हाँफने लगी। अपने बच्चों को बुलाकर कहने लगी –
“मुझे कुछ हो गया तो तुम कैसे रहोगे, मेरे बिना… अभी तो तुम पढ़ाई कर रहे हो, छोटे हो। इतना धन-संपत्ति है, कैसे संभाल पाओगे? मेरे बाद तुम लोगों पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी आ जाएगी।” कहकर रोने लगी।
उसकी बेटी ने कहा – “इतनी दूर की क्यों सोच लेती हो मम्मी, आपको कुछ नहीं हुआ। ज्यादा काम की थकान की वजह से तुम्हें कमजोरी हो गई और गिर गई।”
वहीं डॉक्टर सामने थे, सब बात सुन रहे थे। वे राधिका के पास आए और कहने लगे –
“अपनी इस हालत की जिम्मेदार आप खुद हैं। जब तक आप न चाहो, ठीक नहीं हो सकती।”
वह पूछने लगी, “कैसे?”
तब डॉक्टर ने कहा, “जीवन में हर तरह की घटनाएं होती रहती हैं, इसका ये मतलब नहीं कि हम सोच-सोचकर हर पल घुटते रहें। जीवन है तो एक दिन मृत्यु भी होगी। जो हुआ नहीं, उसे सोचकर आप अपनी मानसिक संतुलन बिगाड़ लेती हो। पकड़े रहने की आदत को छोड़िए और बाँटना सीखिए – प्रेम, सहयोग और निश्चिंत रहिए। कल की चिंता में आज अपनी मानसिकता खराब मत कीजिए। अच्छा सोचो तो अच्छा होगा।”
डॉक्टर की बात से उनमें सकारात्मक परिवर्तन आया। वह आज में जीने लगी। अब वह अपनी जिंदगी में व्यस्त रहने लगी। धीरे-धीरे वह सहज हुई, अब चिंता नहीं करती। खुद भी खुश रहती है और सभी को खुश रहने की वजह देती है।






