सम्पादक रुद्रप्रयागः लक्ष्मण सिंह नेगी
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान हुई भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली।
गिरिया गांव से ऊखीमठ तक उमड़ा आस्था का सैलाब, रावल ने मंगोलचारी में चढ़ाया सोने का छत्र।
ऊखीमठ: द्वितीय केदार भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के साथ शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान हो गई। डोली के कैलाश से शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होने के बाद गिरिया गांव से लेकर ऊखीमठ तक श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया तथा भगवान मदमहेश्वर के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया।
इससे पूर्व प्रातःकाल गिरिया गांव से डोली ने अगले पड़ाव के लिए प्रस्थान किया। विभिन्न पड़ावों से होते हुए डोली के मंगोलचारी पहुंचने पर रावल भीमाशंकर लिंग ने भगवान मदमहेश्वर की डोली को सोने का छत्र अर्पित किया। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठानों और जयकारों से सम्पूर्ण क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान होने के बाद रावल भीमाशंकर लिंग ने मदमहेश्वर धाम के प्रधान पुजारी शिव शंकर लिंग के छह माह तक धाम में प्रवास करने के संकल्प का भी समापन कराया गया।
भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली के ऊखीमठ पहुंचने पर ओंकारेश्वर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ भगवान मदमहेश्वर को शीतकालीन गद्दी पर विराजमान किया गया। इसके साथ ही भगवान मदमहेश्वर की शीतकालीन पूजा-अर्चना की तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। शुक्रवार से ओंकारेश्वर मंदिर में भगवान मदमहेश्वर की शीतकालीन पूजा विधिवत शुरू होने के साथ शीतकालीन यात्रा का भी आगाज होगा।
मन्दिर समिति उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने बताया कि इस वर्ष ग्रीष्मकालीन यात्रा के दौरान ओंकारेश्वर मंदिर में कुल 74,092 तीर्थयात्रियों ने पहुंचकर दर्शन किए और यात्रा के साक्षी बने। अब शीतकालीन प्रवास के दौरान भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के ऊखीमठ पहुंचने की उम्मीद है। भगवान मदमहेश्वर की उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल में विराजमान होने के साथ ही मदमहेश्वर घाटी की धार्मिक गतिविधियों का केंद्र अब ओंकारेश्वर मंदिर रहेगा। इस मौके पर डा0 केदार लिंग, पूर्व प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, मन्दिर समिति सदस्य विनीत पोस्ती, प्रह्लाद पुष्वाण, प्रधान पुजारी बागेश लिंग, टी गंगाधर लिंग, शिव लिंग, तुंगनाथ मंदिर प्रबन्धक प्रकाश पुरोहित, प्रधान मचकण्डी डा0 गौरव कठैत, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष हर्षप्रीतम सिंह नेगी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कोटमा सोमेश्वरी भट्ट, वेदपाठी, यशोधर मैठाणी, विश्व मोहन जमलोकी, देवानंद गैरोला, डोली प्रभारी किशन त्रिवेदी, सह प्रभारी दीपक पंवार, शिवानन्द पंवार, भण्डारी मदन सिंह पंवार, प्रेम सिंह रावत सहित हजारों श्रद्धालु मौजूद थे।









