मीडिया प्रभारी अल्मोडा़ः दिनेश चन्द्र भट्ट
(नया अध्याय, उत्तराखण्ड) (w) 6395080071
आर्य कन्या इंटर कॉलेज में एसडीआरएफ ने दिया आपदा प्रबंधन एवं राहत-बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण।
अल्मोड़ा: आर्य कन्या इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा में गुरुवार को विद्यालय सुरक्षा, आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन परिस्थितियों में राहत और बचाव कार्यों से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसडीआरएफ टीम सरियापानी द्वारा छात्राओं एवं शिक्षकों को आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान एसडीआरएफ टीम द्वारा विद्यालय आपदा प्रबंधन योजना, विद्यालय आपदा प्रबंधन समिति के गठन एवं दायित्वों, अग्नि सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा, सीपीआर तथा श्वास नली में अवरोध होने की स्थिति में किए जाने वाले बचाव उपायों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही उपलब्ध संसाधनों से वैकल्पिक स्ट्रेचर बनाने तथा घायल व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान भूकंप संबंधी मॉक ड्रिल का भी आयोजन किया गया, जिसमें भूकंप आने की स्थिति में स्वयं को सुरक्षित रखने, संयम बनाए रखने तथा सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के उपायों का अभ्यास कराया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं एवं शिक्षकों में आपदाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता विकसित करने तथा विद्यालय परिसर को सुरक्षित एवं आपदा-प्रतिरोधी बनाना रहा।






