कैथलः सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे गांव क्योड़क के पास बने रिलायंस पेट्रोल पंप के नजदीक हिसार डिपो की रोडवेज बस ने आगे चल रही सेवादारों की बोलेरो को टक्कर मार दी। इससे बोलेरो गड्ढों में जाकर पलट गई। हादसे में पांच सेवादारों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए।
रात को वे कमेटी चौक के नजदीक नीमसाहिब गुरुद्वारा में रुके थे। सुबह करीब छह बजे पिहोवा स्थित गुरुद्वारा के लिए निकले। पिहोवा में उन्हें बाबा जीवन सिंह, दिलीप सिंह और बाबा जंगीर सिंह की बरसी पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेना था। जैसे ही उनकी गाड़ी क्योड़क के पास पहुंची, पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही गाड़ी गड्ढों में पलट गई। राहगीरों ने घायलों को निकाला। दो सेवादारों की मौके पर ही मौत हो गई थी। तीन की मौत अस्पताल पहुंचने के बाद हुई।







