ब्यूरो गोंडा वजीरगंजः सियाराम पाण्डेय।
गोंडा वजीरगंजः नवाबगंज गिर्द गांव के अगमपुर मजरा निवासी एक युवक की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद मौत हो गई है। इस मामले में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है वहीं मृतक के परिजनों ने गांव के ही युवक पर षड्यंत्र रचकर मार देने का आरोप लगाया है।
नवाबगंज गिर्द गांव के अगमपुर मजरे का रहने वाला सोनू चौहान (25) पुत्र जगप्रसाद मेहनत मजदूरी करता था। शुक्रवार को वह गांव के ही अपने साथी राजाराम पुत्र बृजलाल के साथ मजदूरी करने गया। घर वापस आने के बाद शुक्रवार की शाम करीब 06 बजे उसका साथी राजाराम उसके घर आया और वजीरगंज थाना क्षेत्र के कोड़र गांव में अपनी रिश्तेदारी में चलने के लिए बोला जिसके बाद राजाराम की बाइक से दोनो लोग वजीरगंज के कोड़र के लिए निकल लिए। सोनू ने अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ दिया था। बाइक सोनू चला रहा था। रास्ते में चंदापुर के पास वह एक छुट्टा मवेशी से टकरा कर गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के साढू मनोज चौहान ने बताया कि 07:27 पर उसे सूचना मिली की सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया है और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई है।







