ब्यूरो सिरोहीः गुरुदीन वर्मा।
पशुपालन विभाग के निलम्बित कार्मिकों पर कार्यवाही बन्द कर निलम्बन से बहाल करने की मांग।
सिरोही(24 मार्च 2025): अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ के जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र गहलोत के नेतृत्व में जिला कलेक्टर सिरोही के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर पशुपालन विभाग के निलम्बित कार्मिकों पर दमनात्मक कार्यवाही बन्द कर निलम्बन से बहाल करने की मांग की।
राजस्थान शिक्षक संघ (प्रगतिशील) के जिला महासमिति के सदस्य गुरुदीन वर्मा के अनुसार महासंघ के जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र गहलोत ने बताया कि पशुपालन विभाग में कुछ अव्यवहारिक नवाचारों के कारण विगत 6 माह से भय का वातावरण बना हुआ है जिससे विभाग के अधिकारियो एवं कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है। शासन द्वारा मोबाईल ऐप के माध्यम से दैनिक उपस्थिति दर्ज करवाने का अव्यवहारिक एवं अतार्किक निर्णय लिया गया था, विभाग में ऑनलाईन उपस्थिति के नाम पर कर्मचारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाहियाँ की जा रही है। मोबाईल ऐप के माध्यम से ऑनलाईन दैनिक उपस्थिति दर्ज करवाने के सम्बन्ध में प्रकरण माननीय उच्च न्यायालय जोधपुर में विचाराधीन है।
शासन द्वारा बलपूर्वक उक्त व्यवस्था को लागू करने के उद्देश्य से विभाग के लगभग 30 निर्दोष कार्मिकों को अकारण निलम्बित कर विभाग में तनाव उत्पन्न कर दिया है। महिला पशुधन निरीक्षकों को वीडियों काॅल के माध्यम से उपस्थिति हेतु विवश किया जा रहा है जो महिलाओं की निजता पर हमला है। उल्लेखनीय है कि राजस्थान पशु चिकित्सा कर्मचारी संघ, महासंघ का प्रमुख घटक संगठन है। अव्यवहारिक नवाचारों के कारण पशुपालन विभाग के निर्दोष कार्मिकों पर हो रही दमनात्मक कार्यवाही को महासंघ की प्रदेश कार्यकारिणी में लिये गये निर्णय अनुसार विरोध कर दो दिवस में पशुपालन विभाग के निर्दोष कार्मिकों की निलम्बन बहाली तथा दोषी अधिकारियों पर ठोस अनुशासनात्मक कार्यवाही नहीं की गई तो आगामी 26 मार्च 2025 से फार्मर रजिस्ट्री शिविरों में समस्त ऑनलाईन कार्यो का बहिष्कार किया जावेगा जिसकी समस्त जवाबदेही राज्य सरकार की होगी।
इस अवसर पर महासंघ के जिलामंत्री डॉ हनवंत सिंह मेड़तिया, राजस्थान शिक्षक संघ (प्रगतिशील) के जिलाध्यक्ष देवेश कुमार खत्री, जिलामंत्री इनामुल हक कुरैशी, मनोहर सिंह चौहान, धर्मेंद्र खत्री, अशोक मालवीय, सुरेश वछेटा, भेरूलाल वर्मा एवं पशु चिकित्सालय संघ के जिलामंत्री शंकर लाल बीयाड,संजय कुमार रैगर, प्रवीण कुमार, वीरेंद्र सिंह शेखावत, सुरेश कुमार, महेश स्वामी, विशन लाल शर्मा, अविनाश मेहरा, मनोज बघेल आदि उपस्थित थे।






