हरीराम यादव, अयोध्या, उ. प्र.।
समाज में कैसे बचे समरता
उठा लेखनी, लिखने वालों,
जनता के अधिकार लिखो।
कलम चलाओ जन मुद्दों पर,
और समाज के सरोकार लिखो।
दूर आम पहुंच से जाती शिक्षा,
स्कूलों में खुलते बाजार लिखो।
दवा पहुंच से हो रही है सवा ,
बढ़ते जनता पर अधिभार लिखो।
आंधी, पानी, ओलावृष्टि से,
किसान का हाल निखार लिखो।
नेताओं की नीति नियति पर,
कुछ तो लाइन दो चार लिखो ।
समाज में कैसे बचे समरता,
अपने मन का कुछ सार लिखो।
मत आत्ममुग्धता में रहो लीन,
जन मन की करुण पुकार लिखो।
आज यहां कल वहां ठिकाना,
यह सोच सच आर-पार लिखो।
कर जोर मेरी है सबसे विनती,
अपनी गरिमा को मत मार लिखो।






